भारतीय स्टेट बैंक की मीरगंज शाखा में तैनाती के दौरान किया था गोलमाल
मीरगंज/दुनका। भारतीय स्टेट बैंक की मीरगंज शाखा के मैनेजर कपिल कुमार को बृहस्पतिवार को मीगरंज पुलिस ने ग्राहकों के खाते से 27.76 लाख रुपये का गबन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने पर उसे जेल भेज दिया गया।
भारतीय स्टेट बैंक प्रबंधन की जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर मीरगंज थाने में मैनेजर कपिल के खिलाफ 25 जुलाई, 2021 को एफआईआर दर्ज कराई गई थी। कपिल ने मीरगंज शाखा में तैनाती के दौरान ग्राहकों के खातों में हेराफेरी कर लाखों की धनराशि अपने खास लोगों के खातों में ट्रांसफर कर निकाल ली थी। मामले की जानकारी होने पर ग्राहकों ने शिकायत बैंक अधिकारियों से की। शुरुआती जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी मैनेजर को मीरगंज ब्रांच से हटाकर रीजनल ऑफिस से अटैच कर दिया गया था। मामले की जांच स्टेट बैंक के चीफ मैनेजर अनूप कुमार टंडन ने की। चीफ मैनेजर की जांच में 27.76 लाख रुपये हड़पने की पुष्टि हुई। इस पर कपिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बृहस्पतिवार को कपिल को उसके संभल स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। मीरगंज इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।