असम में न्यू अलीपुर द्वार-समुक्तला रोड स्टेशन के बीच नॉन इंटरलाकिंग कार्य की वजह से कई ट्रेनों को तीन दिन रूट बदलकर चलाया जाएगा। 14 जून तक ट्रेनों का संचालन फकीराग्राम-न्यू अलीपुरद्वार-न्यू कूच विहार की बजाय फकीराग्राम-गोलकगंज और न्यू कूच विहार के रास्ते किया जाएगा। इस दौरान गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, अलीगढ़, कानपुर से होकर गुजरने वाली कामाख्या-वैष्णो देवी एक्सप्रेस, गुवाहाटी-दिल्ली पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट और डिब्रूगढ़ राजधानी समेत कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
रेलवे के नए शेड्यूल के मुताबिक गाजियाबाद के रास्ते चलने वाली गुवाहाटी-आनंद विहार नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या- 12505) 11 से 14 जून तक डायवर्ट रहेगी। यह ट्रेन फकीराग्राम से न्यू अलीपुरद्वार की बजाय गोलकगंज के रास्ते न्यू कूच विहार पहुंचेगी। दिल्ली-डिब्रूगढ़ ब्रह्मपुत्र मेल (गाड़ी संख्या-14056) 12 जून रविवार को इसी बदले रूट से चलेगी। इसके अलावा 11 से 14 जून तक चलने वाली गुवाहाटी-नई दिल्ली पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-12501), 12 जून को चलने वाली कामाख्या-वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-15655), 12 जून को चलने वाली डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी (गाड़ी संख्या-12423) और नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी (गाड़ी संख्या-12436, 12424) डायवर्ट रहेंगी।
इन ट्रेनों को किया री-शेड्यूल
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक 13 जून को रात 8:35 बजे चलने वाली डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12423) 14 जून को तड़के चार बजे चलेगी। डिब्रूगढ़ से ही चलने वाली दूसरी राजधानी एक्सप्रेस (12435) 13 जून को शाम 7:20 बजे की बजाय अगले दिन 14 जून को सुबह 5 बजे रवाना होगी। दोनों ट्रेनों को री-शेड्यूल किया गया है।