शिकायत के बाद आईजी के निर्देश पर एसएसपी ने की कार्रवाई
बरेली। सिविल लाइंस के व्यापारी से जैकेट मांगने के आरोप में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बिहारीपुर चौकी इंचार्ज सनी चौधरी और सिपाही सुमित कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। इस मामले में व्यापारी ने आईजी रमित शर्मा से शिकायत की थी।
रविवार शाम सिपाही सुमित कुमार सिविल लाइंस में एक व्यापारी की दुकान पर पहुंचा और बिहारीपुर चौकी इंचार्ज सनी चौधरी के लिए मुफ्त जैकेट देने को कहा। उस समय व्यापारी का बेटा दुकान पर बैठा था। उसने जैकेट देने में आनाकानी की तो सिपाही ने अभद्रता की। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। देर रात व्यापारी ने इस मामले की आईजी रमित शर्मा से शिकायत की तो उन्होंने दोनों को बुलाकर पूछताछ की। इसके बाद आईजी के आदेश पर एसएसपी ने दोनों को लाइन हाजिर कर दिया। हालांकि इस मामले में व्यापारी ने कोई लिखित शिकायत की है। एसएसपी का कहना है कि व्यापारी से अभद्रता करने के चलते दोनों पर कार्रवाई की गई है।
वर्जन
व्यापारी ने आरोप लगाया था कि सिपाही ने दुकान पर जाकर चौकी इंचार्ज के लिए जैकेट मांगी और उनसे अभद्रता की। चौकी इंचार्ज भी कुछ दूरी पर खड़ा था। दोनों को लाइन हाजिर कराकर विभागीय जांच शुरू कराई गई है। - रमित शर्मा, आईजी