बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में बने फुटबॉल हॉस्टल को ध्वस्त किया जाएगा। खेल निदेशालय ने ध्वस्तीकरण पर होने वाले खर्च के संबंध में जानकारी मांगी है। अब पीडब्ल्यूडी से एस्टीमेट लेने के बाद जल्द ही इसे निदेशालय के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही इसे तोड़ने के बाद नया भवन बनाने की कवायद शुरू की जाएगी। हॉस्टल टूटने के बाद नया भवन बनने तक खिलाड़ियों के रहने के लिए अस्थायी तौर पर व्यवस्था की जाएगी।
स्टेडियम में बना हॉस्टल इतना खस्ताहाल हो चुका है कि अधिकारी अब इसकी मरम्मत कराने के लिए सहमति नहीं देना चाह रहे। यहां रहने वाले खिलाड़ी भी दिक्कतों से जूझते हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी चंचल मिश्रा के मुताबिक उन्होंने खेल निदेशालय को हॉस्टल के पुर्ननिर्माण के लिए पत्र लिखा था। इसके बाद निदेशालय की ओर से पीडब्ल्यूडी से ध्वस्तीकरण के संबंध में सर्वे कराकर एस्टीमेट मांगा गया है।
आरएसओ के मुताबिक, इस संबंध में पत्राचार किया जा रहा है। आकलन के बाद जल्द ही एस्टीमेट निदेशालय के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि ध्वस्तीकरण की मंजूरी मिलने के बाद सबसे पहले यहां रह रहे खिलाड़ियों को किसी दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। ध्वस्तीकरण के बाद ईंट, सरिया व अन्य सामग्री की नीलामी होगी। इसके बाद हॉस्टल का नवनिर्माण होगा। इसका एस्टीमेट अलग से बनेगा।
दो मंजिला होगा नया भवन
अफसरों के मुताबिक, नया हॉस्टल कितने क्षेत्रफल में बनेगा यह अभी तय नहीं है, हालांकि यह दो मंजिला ही होगा। वर्तमान में जहां हॉस्टल है वहां आगे और पीछे की ओर काफी जगह खाली है। ऐसे में नए भवन का दायरा बढ़ाया भी जा सकता है। इससे प्रतियोगिताओं के आयोजन के दौरान भी खिलाड़ियों को ठहराने में परेशानी नहीं आएगी।