शहामतगंज फ्लाई ओवर का ब्लूप्रिंट तैयार हो गया है। कमिश्नर विपिन कुमार द्विवेदी के हरी झंडी देने से फ्लाई ओवर बनने की आस बढ़ गई है। इसके लिए कमिश्नर एडवाइजरी कमेटी बनाकर शहामतगंज के आसपास के लोगों ने राय लेंगे। विरोध करने वालों से बात करके फ्लाई ओवर को बनवाने की कोशिश की जाएगी।
जाम से निजात दिलाने के लिए शहामतगंज में फ्लाई ओवर बनाने की पहल तेज हो गई है। कमिश्नर ने शहामतगंज से शुरू होकर बारादरी से ईंट पजाया चौराहे पर उतरने वाले इस फ्लाई ओवर की फाइल को आगे बढ़ाया है। 900 मीटर लंबे इस फ्लाई ओवर पर 32 करोड़ 30 लाख 60 हजार रुपये खर्च होने हैं। सेतु निगम के अधिकारियों ने फ्लाई ओवर का सर्वे करने के बाद उसका स्टीमेट बनाकर ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है। कमिश्नर ने मैप को फाइनल रूप देने के लिए एडवाइजरी कमेटी बनाने का फैसला लिया है। एडवाइजरी कमेटी में शहामतगंज के आसपास के जिम्मेदार लोगों को रखा जाएगा। एडवाइजरी कमेटी के मशविरे के आधार पर पुल के शेप में मामूली फेरबदल हो सकता है। कमिश्नर और सेतु निगम के अफसर एडवाइजरी कमेटी के लोगों के साथ बैठकर करके मशविरा लेंगे। उनकी समस्या की जानकारी लेने के बाद उन्हें यह भी समझाने की कोशिश की जाएगी कि फ्लाई ओवर बनने से लाभ सभी को होगा।
मेयर मुख्यमंत्री से मिलेंगे
मेयर डॉ.आईएस तोमर ने शहामतगंज फ्लाई ओवर के निर्माण मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने का कार्यक्रम बना लिया है। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही उनसे मिलकर शहामतगंज के जाम से मुक्ति दिलाने के लिए जल्द फ्लाई ओवर बनवाने की मांग करेंगे।
बरेली कॉलेज से गुरुजन करेंगे मदद
बरेली कॉलेज के गुरुजन शहामतगंज के जाम से फिलहाल निजात दिलाने के लिए कुछ राय देना चाहते हैं। उन्होंने डीआईजी आरकेएस राठौर के सामने अपनी बात रखी तो उन्होंने एसपी ट्रैफिक को उन्हें बुलाकर राय लेने के निर्देश दिए। एसपी ट्रैफिक ने बुधवार को गुरुजनों को अपने ऑफिस बुलाया है। गुरुजनों का मशविरा ठीक लगा तो ट्रैफिक पुलिस लागू करेगी।