श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि अभियान में पांच हजार स्वयंसेवक लगेंगे। वे घर-घर जाकर समर्पण निधि जुटाएंगे। इस दौरान स्वयंसेवकों को निधि संग्रह कार्य की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।निधि समर्पण अभियान के संबंध में रविवार को हुई बैठक में 104 बस्तियों के लगभग 12 सौ रामदूत (स्वयंसेवक) उपस्थित हुए। उन्हें निधि संग्रह के समय आचरण के बारे में जानकारी दी गई।
महानगर प्रचारक विक्रांत ने बताया कि सभी बस्तियों के अंदर उप बस्ती स्तर तक टोली एवं कार्यकर्ताओं का निर्धारण हो चुका है। यह संख्या लगभग पांच हजार है। इस अभियान से लगातार युवा जुड़ रहे हैं। उनमें खासा जोश है। बैठक को विभाग संघ चालक केसी गुप्ता, सह विभाग संघचालक अतुल खंडेलवाल, महानगर संघचालक डॉ. सत्यपाल आदि ने भी संबोधित किया। महानगर के अभियान निधि प्रमुख विवेक ने वित्तीय जानकारी सभी लोगों से साझा की। विहिप के संगठन मंत्री रामाशंकर ने मंदिर निर्माण की जानकारी दी।