नवाबगंज। कस्बे से सटे बथुआ नवादा गांव में शनिवार रात मोमबत्ती से पांच झोंपड़ियों में आग लग गई। कुछ देर बाद पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है। रात में तहसील प्रशासन की टीम ने पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। जरूरतमंद लोगों को राहत सामग्री वितरित की गई है।
कस्बे से सटे बथुआ नवादा गांव में डोरीलाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार की रात आठ बजे डोरीलाल के परिजनों ने झाेंपड़ियों में मोमबत्ती जला रखी थी। इससे आसपास झोंपड़ियों में आग लग गई। पीड़ित दीनदयाल, भगवानदास, कालीचरन, विजयपाल ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों में रखे कपड़े, साइकिल, अनाज और घरेलू सामान जलकर राख हो गए।
कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ये लोग मुहावट जाति के हैं। एसडीएम उदित पवार सीओ नीलेश मिश्र के साथ पहुंचकर निरीक्षण किया। एसडीएम ने पीड़ितों को राहत सामग्री, अनाज और कंबल वितरण किए हैं। उन्होंने राशन की व्यवस्था के लिए कोटेदार को आदेश दिए हैं। संवाद