नवाबगंज कस्बा से सटे बथुआ नवादा गांव में शनिवार की रात मोमबत्ती से पांच झोपड़ियों में आग लग गई, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग को बुझाया।
बरेली के नवाबगंज कस्बा से सटे बथुआ नवादा गांव में शनिवार रात मोमबत्ती से पांच झोपड़ियों में आग लग गई। कुछ देर बाद पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की। रात में तहसील प्रशासन की टीम ने पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। जरूरतमंद लोगों को राहत सामग्री वितरित की गई है।
विज्ञापन
कस्बा से सटे बथुआ नवादा गांव में डोरीलाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार की रात आठ बजे डोरीलाल के परिजनों ने झोपड़ियों में मोमबत्ती जला रखी थी। किसी तरह मोमबत्ती से एक झोपड़ी में आग लग गई, जिसकी चपेट में चार और झोपड़ियां आ गईं। पीड़ित दीनदयाल, भगवानदास, कालीचरन, विजयपाल ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों में रखे कपड़े, साइकिल, अनाज और घरेलू सामान जलकर राख हो गए।
कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ये लोग मुहावट जाति के हैं। मोमबत्ती से इनकी झोपड़ियों में आग लग गई थी। दमकलकर्मियों ने आग बुझाई। एसडीएम उदित पवार सीओ नीलेश मिश्र के साथ पहुंचकर निरीक्षण किया। एसडीएम ने पीड़ितों को राहत सामग्री, अनाज और कंबल वितरण किए हैं। उन्होंने राशन की व्यवस्था के लिए कोटेदार को आदेश दिए हैं।