बरेली के सीबीगंज स्थित सुपीरियर इंडस्ट्रीज (शराब फैक्टरी) में आयकर विभाग की जांच पांचवें दिन शनिवार को दिनभर जारी रही। फैक्टरी के ट्रांसपोर्टर और भूसी सप्लायरों को पुलिस के जरिये बुलाकर पूछताछ की गई। संदिग्ध दस्तावेज, कंप्यूटर डाटा, अपुष्ट बिल वॉउचर आदि लेकर टीम देर शाम लौट गई।
सीबीगंज स्थित सुपीरियर इंडस्ट्रीज (शराब फैक्टरी) में मंगलवार शाम दिल्ली की आयकर टीम ने छापा मारा था। पांच दिनों तक चली जांच के दौरान टीम ने तीन दिन तक देसी शराब की प्रोसेसिंग लाइनों का संचालन बंद करा दिया था। अंग्रेजी शराब की भी महज एक ही लाइन संचालित रही।
करीब 100 घंटे तक की जांच
आयकर अफसरों की टीम ने वर्ष 2003 तक के सभी दस्तावेज, कंप्यूटर डाटा, रजिस्टर आदि दस्तावेजों को कब्जे में लेकर करीब सौ घंटे तक जांच की। बताते हैं कि जब्त दस्तावेज मुख्यालय को सौंपेगी। आयकर टीम की जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन की हेराफेरी की आशंका जताई जा रही है।
जांच के पांचवें दिन टीम ने फैक्टरी से जुड़े ट्रांसपोर्टरों और सप्लायरों से कारोबार संबंधी सवाल-जवाब किए। बताते हैं कि कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार माल की ढुलाई में कई कड़ियां गायब मिलीं। आवाजाही के रिकॉर्ड भी स्पष्ट नहीं थे। रजिस्टर और ऑनलाइन आंकड़ों में भी अंतर पाया गया।