बरेली। शहर में बवाल के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ मंगलवार को स्पेशल जज गैंगस्टर एक्ट संतोष कुमार यादव की अदालत में पहली गवाही होगी। यह मामला बारादरी थाने में तत्कालीन इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने दर्ज कराया था। पहली गवाही वादी मुकदमा भी होगी। मौलाना के खिलाफ दो मामलों में आरोप तय हो चुके हैं।
शहर में 26 सितंबर 2025 को हुए बवाल के मामले में बारादरी, कोतवाली, कैंट, प्रेमनगर और किला थानों में 12 मामले दर्ज किए गए थे। सभी मामलों में मौलाना तौकीर मुख्य आरोपी है। वह फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद है। जिला अदालत से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक से उसको जमानत नहीं मिल सकी है।
कुल 12 मामलों में से कोतवाली और बारादरी थानों में दर्ज दो मामलों में आरोप तय हो चुके हैं। कोतवाली में मामला तत्कालीन इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने दर्ज कराया था। बवाल के मामले में 2500 से ज्यादा नामजद और अज्ञात लोग आरोपी हैं। इनमें से अब तक 105 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। कुछ आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। सभी 12 मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।