बरेली। प्रतिष्ठित स्कूल की छात्राओं की एआई आधारित अश्लील फोटो वायरल करने का आरोपी छात्र बेहद शातिर है। जब पुलिस उसके घर गई तो उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कई कुत्ते छत और अंदर से भौंकने लगे। काफी प्रयास के बाद भी पुलिस उससे बात नहीं कर सकी। आसपास के लोगों ने बताया कि घर में खूंखार कुत्ते पल रहे हैं। तब पुलिस लौट आई।
एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने यह जानकारी एसएसपी को दी तो उन्होंने कानूनी तरीका अपनाने का निर्देश दिया। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अब आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा सकेगी। सबसे पहले पुलिस उसकी उम्र की जानकारी करेगी। उसी के आधार पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। हालांकि वकील पिता उसे नाबालिग और नासमझ बताकर बचाने में जुटे हैं।
कई दिन से कर रहा था हरकतें
स्कूल में कई दिनों से अंदरखाने छात्र की हरकतें चल रही थीं। छात्राओं ने जब अपने अश्लील फोटो देखे तो हैरत में पड़ गईं। इंस्पेक्टर की बेटी इतनी झेंप गई कि अपने माता-पिता को यह घटनाक्रम नहीं बता सकी। उसने बड़े भाई को हिचकते हुए ये सब बताया। शुरुआत में छात्राएं इसे किसी बाहर व्यक्ति की हरकत मान रही थीं, लेकिन जब पता लगा कि उन्हीं की कक्षा के दूसरे सेक्शन में पढ़ने वाले लड़के ने यह किया है तो अवाक रह गईं।