लड़ाई में बीच-बचाव कराने के बाद हमला करने का लगाया आरोप
नवाबगंज। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर मारपीट कर रहे लोगों में बीच-बचाव कराने से नाराज दबंगों ने ग्रामीण के घर पर पथराव कर दिया। इसके विरोध पर मारपीट के साथ फायरिंग भी कर दी गई। इस मामले में ग्रामीण ने चार लोगों के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, दूसरे पक्ष के नरायनलाल ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के मुड़िया तेली गांव के सर्वेश कुमार सोमवार की रात नवाबगंज से बरेली-पीलीभीत हाईवे पर स्थित एक रिसॉर्ट के सामने से गुजर रह थे। इसी बीच उनके गांव के अरुण कुमार और साजन आपस में मारपीट कर रहे थे। इस बीच उन्होंने दोनों में बीच-बचाव करा दिया। आरोप है कि बीच-बचाव करने से नाराज अरुण कुमार, सुभाष, नरायनलाल, उमाकांत के साथ उनके घर के पास आ धमके और गाली देते हुए पथराव कर दिया। इसके विरोध पर आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। साथ में अरुण कुमार ने अपने पिता की लाइसेंसी रायफल निकाल कर चार-पांच राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें वह बच गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के नरायनलाल का आरोप है कि सोमवार की शाम छह बजे गांव के ही सोमपाल, सर्वेश कुमार, कृष्णपाल, विपिन, मुनेंद्र कुमार व सुरेंद्र कुमार बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर गाली देने लगे। इसके विरोध पर लाठी लेकर उनके घर पर पहुंच गए और पथराव करने लगे। इसमें कुछ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अरुण कुमार, सुभाष और दूसरे पक्ष के आरोपी सर्वेश को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया। संवाद