फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे किनारे नगर पंचायत के सामने अस्थाई रूप से बनी किराना स्टोर सहित एक टेंट की दुकान में बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब आग लग गई। इस दौरान दुकानों में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पूर्व नगर पालिका कर्मियों पर आग पर काबू पाकर तीन दुकानों को जलने से बचा लिया।
नगर पंचायत के सामने स्टेशन रोड के किनारे संजय कॉलोनी के रक्षपाल, बड़े ठाकुर, पंकज सिंह की परचून की दुकानें हैं। नई बस्ती निवासी वीरेंद्र की टेंट के सामान की दुकान है। सभी लोगों की अस्थायी दुकानें हैं। बुधवार दोपहर बड़े ठाकुर की दुकान में आग लग गई, जिसके बाद तेज हवा चलने के कारण पड़ोस की अन्य दुकानों में भी आग लगती चली गई। नगर पंचायत के कर्मी ने पहुंचकर आग पर काबू पाया और कुछ दुकानों को बचा लिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद