बरेली। राशन की कालाबाजारी में पूर्ति निरीक्षक की ओर से हाफिजगंज थाने में दो गोदाम मालिकों समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शुक्रवार को एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र टीम के साथ पेट्रोल पंपों पर घटतौली की जांच करने निकले थे। इस दौरान रिठौरा में पेट्रोल पंप एक ट्रक में चावल और दूसरे पंप पर गेहूं की बोरिया लदी ट्रैक्टर ट्रॉली कब्जे में ली थी। जांच में पता चला कि चावल रिठौरा के राहुल गुप्ता का है। ट्रैक्टर ट्रॉली में मिलीं गेहूं की 443 बोरियां कस्बे के ही राकेश गुप्ता के गोदाम से आने की जानकारी मिली। एसडीएम सदर ने पूर्ति निरीक्षक और मंडी इंस्पेक्टर को बुलाकर दोनों गोदामों को सील करा दिया। ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली हाफिजगंज पुलिस के सुपुर्द कर रिठौरा नगर पंचायत कार्यालय खड़ी करा दी।
रविवार को नायब तहसीलदार और पूर्ति निरीक्षक ने राकेश गुप्ता के गोदाम में राशन की बोरियों की गिनती कराई तो 1824 क्विंटल की जगह 3301 क्विंटल गेहूं मिला। गोदाम में 1476 क्विंटल गेहूं अधिक पाया गया। साथ ही 125 सरकारी मोहर लगे प्लास्टिक के पुराने कट्टे भी बरामद हुए। राहुल गुप्ता के गोदाम की जांच करने टीम पहुंची तो राहुल बुलाने पर भी नहीं आया। टीम ने राहुल के ससुर अमरनाथ गुप्ता के बयान दर्ज कर गोदाम जांच की। यहां भी काफी मात्रा में राशन की कालाबाजारी होने की बात सामने आई। देर शाम पूर्ति निरीक्षक रश्मि सिंह ने दोनों गोदामों के मालिक राकेश गुप्ता, राहुल गुप्ता, ट्रैक्टर चालक राजू और ट्रैक्टर मालिक साबिर के खिलाफ हाफिजगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इससे पूर्व भी वर्ष 2018 में एक गोदाम पर राशन की कालाबाजारी का भंडाफोड़ हुआ था।