पशु तस्कर के हैसले बुलंद (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media
पशु तस्करों के हौसले कितने बुलंद है, इसका अंदाजा इसी बात से लगा लीजिए कि वे पुलिस से भिड़ने में भी गुरेज नहीं कर रहे। सोमवार सुबह नौ बजे फरीदपुर चौधरी गांव में पुलिस ने पशु तस्करी के एक आरोपी को पकड़ा तो परिवार की महिलाएं पुलिस जीप के आगे खड़ी हो गईं।
आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस के साथ धक्कामुक्की की और पथराव भी किया। धक्कामुक्की में दो सिपाहियों की वर्दी भी फट गई। सूचना पर थाने से काफी संख्या में फोर्स पहुंच गई। बाद में तस्कर को थाने लाया गया। पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की हैं।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर गांव निवासी अन्नी पशु चोरी और पशु काटने की घटनाओं में पहले भी पकड़ा जा चुका है। पशु काटे जाने की सूचना पर सोमवार सुबह पुलिस अन्नी के घर पहुंच गई। पुलिस को घर में बंधी दो गायें भी मिल गईं। पुलिस टीम घर से खींचकर अन्नी को बाहर लाई और जीप में बैठाकर ले जाने लगी।
इस दौरान अन्नी के परिवार की महिलाएं आगे आ गईं और जीप का रास्ता रोक लिया। पुलिस इन्हें समझाकर हटाने लगी तो इन्होंने शोर मचाकर परिवार के कुछ लोगों और ग्रामीणों को भी बुला लिया। महिलाएं खासतौर से आगे आईं और अन्नी को पुलिस जीप से उतारने की कोशिश की।
पुलिस के विरोध पर महिलाएं टीम से उलझ गईं। धक्कामुक्की में दो सिपाहियों की वर्दी फट गई। महिलाओं ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया। दरोगा सुनील कुमार की सूचना पर थाने से इंस्पेक्टर केके वर्मा फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। तब पुलिस अन्नी को पकड़कर थाने ले आई। फोर्स देख हंगामा कर रहे लोग भाग खड़े हुए। पुलिस अन्नी के घर बंधी दोनों गायों को भी थाने ले आई।
पुलिस ने इस मामले में दो रिपोर्ट दर्ज की हैं। एक मामले में अन्नी को आरोपी बनाया गया है तो दूसरे मामले में उसके परिवार और भीड़ को आरोपित किया गया है। हालांकि पुलिस ने रिपोर्ट में वर्दी फाड़ने का जिक्र नहीं किया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस टीम से आरोपी को छुड़ाने वालों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।