बरेली के सुभाष नगर में एक ही परिवार के छह लोग कोरोना संक्रमित मिलने के बाद से पूरे क्षेत्र में कर्फ्यू जैसा माहौल है।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। सुभाषनगर के लोगों में सर्दी, जुकाम की समस्याएं सामने आ रही हैं। बुधवार को प्रशासन के पास यहां रहने वाले लोगों ने कोरोना की जांच कराने की मांग करते हुए कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई है। इससे हड़कंप मचा हुआ है।
सुुभाषनगर में रहने वाले एक युवक और उनके परिजन कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके बाद से ही मोहल्ले में कर्फ्यू जैसा माहौल बना हुआ है। इस बीच सुभाषनगर के कई लोग कोरोना के लक्षण बताते हुए जांच कराने की सूचना प्रशासन को दे रहे हैं। कलक्ट्रेट के कंट्रोल रूम में बुधवार को भी तीन शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिसमें लोगों ने सर्दी, जुकाम और आंख लाल होने की बात कही है। इससे पहले भी सुभाषनगर से कई लोग ऐसी शिकायतें दर्ज करा चुके हैं।
कैंट के पास 150 गरीब परिवारों का रास्ता बंद
कैंट एरिया के पास करीब 150 गरीब परिवार रह रहे हैं। बताते हैं कि लॉकडाउन के बाद उनके घरों के चारों ओर रोड बंद कर दिया गया है। इससे उनके घरों तक न तो सब्जी वाले आ रहे हैं और न ही ये लोग राशन लेने के लिए जा पा रहे है। इस दिक्कत को देखकर वार्ड नंबर सात के पार्षद ने इसकी सूचना डीएम, डीएसओ सहित कई अधिकारियों को दी है।
अब कंट्रोल रूम में बैठेंगे विभिन्न विभागों के 11 अफसर
कलक्ट्रेट में खुले कंट्रोल रूम में शिकायत तो दर्ज हो रही हैं, लेकिन संबंधित विभागों के अफसर न होने से उनका ठीक से निस्तारण नहीं हो पा रहा था। इसे देखते हुए डीएम ने कंट्रोल रूम में 11 विभिन्न विभागों के अफसरों को बैठने के निर्देश दिए हैं, ताकि शिकायतों का संबंधित विभाग त्वरित निस्तारण कर सकें। इसमें स्वास्थ्य, सप्लाई, खाद्य, नगर निगम, पुलिस, प्रशासन, शिक्षा सहित कई विभाग शामिल हैं।