अखबार की खबर से मिली हिम्मत तो पहुंचीं थाने
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने अखबार में शहर निवासी हकीम खुर्शीद व एक अन्य व्यक्ति के साथ इसी तरह डिजिटल अरेस्ट कर ठगी से जुड़ी खबर पढ़ी थी। इससे उन्हें कुछ हिम्मत मिली और उन्होंने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर अज्ञात ठगों के खिलाफ तहरीर दी। अब साइबर थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। आरटीजीएस के जरिये रकम ट्रांसफर किए जाने की रसीदें भी पुलिस को दी गई हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी से 80 लाख की ठगी, साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर ट्रांसफर कराई रकम
एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने बताया कि साइबर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर रही है कि ठगी में शामिल लोगों के फोन नंबर व बैंक खाते कहां के हैं? अपेक्षित इनपुट मिलने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। बैंक स्तर पर भी पूछताछ कर डाटा लिया जाएगा।
आतंकी कनेक्शन बताकर धमकाया
डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसकर 80.20 लाख रुपये गंवाने वाली सेवानिवृत्त स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुनीला शर्मा से आरोपियों ने उनके आतंकी कनेक्शन होने की बात कही तो वह डर गईं। कॉल करने वाले ने कहा कि उनका आधार कार्ड आतंकी आसिफ फैजी के पास मिला है। आईबी, एनआईए और एटीएस की टीमें जांच कर रही हैं। देश में मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकी कनेक्शन के 247 मामलों में से एक वह भी हैं। आरोपियों ने आरबीआई की टीम का भी खौफ दिखाया।
सुनीला ने बताया कि इससे वह डर गईं। कॉल करने वाले उनकी लोकेशन पर भी नजर रख रहे थे। उनसे यह भी कहा कि उनके आधार कार्ड के जरिये सिमकार्ड लेकर उसका देश विरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल किया गया है। यह पूछने पर कि लगातार 15 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रहने के बावजूद उन्होंने घर के बराबर में रहने वाले अपने छोटे भाई रिंकू शर्मा या उनकी पत्नी सोनी शर्मा को क्यों नहीं बताया तो सुनीला बोलीं- कॉल करने वालों ने उनको धमकाया था कि अगर किसी को बताया तो उनका पूरा परिवार मुश्किल में आ जाएगा।
सुनीला शर्मा ने बताया कि वह 2018 में बिथरी चैनपुर सीएचसी से सेवानिवृत्त हुई थीं। वह अविवाहित हैं। उन्होंने अक्तूबर में लाल फाटक के पास स्थित अपना एक प्लॉट 25 लाख रुपये में बेचा था। रुपये खाते में जमा कर दिए थे। उनको डिजिटल अरेस्ट करने वालों को इसकी जानकारी थी। उनके अन्य बैंक खातों के बारे में भी बताते हुए वे इन खातों के जरिये आतंकियों की आर्थिक मदद और मनी लॉन्डि्रग का आरोप लगा रहे थे।
प्लॉट और जेवर बेचे, एलआईसी से लोन लेकर दिए रुपये
सुनीला ने बताया कि उन्होंने धनतेरस से एक दिन पहले 7.83 लाख रुपये में जेवर बेचे थे। इसके अलावा खुद और परिवार को बचाने के लिए एलआईसी पॉलिसियों पर लोन भी लिया। प्लॉट बिक्री के रुपये भी आरोपियों को दे दिए।
ऐसे फंसाते हैं ठग
- पार्सल में ड्रग्स, हथियार या फर्जी पासपोर्ट मिलने का दावा करते हैं।
- आधारकार्ड या सिमकार्ड का गलत इस्तेमाल होने की धमकी देते हैं।
- वीडियो कॉल के बैकग्राउंड में नकली थाना, वर्दी, नेमप्लेट और फर्जी वारंट दिखाते हैं।
- मामला खत्म करने के नाम पर तुरंत रुपये भेजने का दबाव बनाते हैं।
ये बरतें सावधानी
- डराने वाली वीडियो कॉल आते ही उसे डिस्कनेक्ट कर दें, लंबी बातचीत न करें।
- किसी के कहने पर स्क्रीन शेयर न करें। एनीडेस्क, टीम व्यूअर जैसे एप डाउनलोड न करें।
- ओटीपी, पिन, बैंक डिटेल किसी से साझा न करें।
- कॉल करने वाले नंबर पर वापस कॉल न करें, विभाग का आधिकारिक नंबर खुद खोजकर संपर्क करें।
- घर के किसी सदस्य को तुरंत जानकारी दें, अकेले फैसला न लें।
खाते से रकम कट जाए तो...
- तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
-
http://cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
- तुरंत बैंक को सूचना देकर खाता फ्रीज कराएं।
- संचार साथी पोर्टल
http://sancharsaathi.gov.in के चक्षु फीचर पर नंबर की रिपोर्ट करें।
वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर के लिए विशेष अपील
- डराने वाली कॉल आए तो पहले परिवार को बताएं।
- अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल रिसीव न करें।