मीरगंज में टक्कर के बाद खाई में पलटी तीन कारें
मीरगंज इलाके में नेशनल हाईवे पर सिंधौली पुलिया के पास भी रविवार को हादसा हुआ। यहां अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों कारें हाईवे से नीचे खाई में जा गिरीं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, फुरकान कार से नवाबगंज से दिल्ली जा रहे थे। सिधौली पुलिया के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई। कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी फिगो कार को टक्कर मारी, इसके बाद मरम्मत के लिए खड़ी दूसरी कार से जा भिड़ी। भीषण टक्कर के बाद तीनों कारें खाई में जा गिरीं।
कार मैकेनिक असलम के मुताबिक, दुर्घटना में फिगो कार को करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि सिंधौली पुलिया के पास सड़क हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।