किसान बोले- जमीन हड़पना चाहते हैं अधिकारी
किसान तोताराम ने बताया कि आवास एवं विकास परिषद के अधिकारी रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराकर किसानों की जमीन हड़पना चाहते हैं। हम ऐसा नहीं होने देंगे। वह हमारी जमीन पर काम शुरू कराएं, तभी हम रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराएंगे। वीरेंद्र कुमार ने कहा कि आवास एवं विकास परिषद के अधिकारी पहले हमारी जमीन पर काम शुरू कराएं। किसानों व परिषद के बीच इसका लिखित एग्रीमेंट किया गया है। अब किसान उनके बहकावे में नहीं आएंगे।
किसान अंगन लाल ने कहा कि आवास एवं विकास परिषद बड़ा बाइपास से किसानों की जमीन तक पहले सड़क बनवाए, फिर उनकी जमीन पर काम शुरू कराए। तभी वह परिषद के नाम अपनी जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराएंगे। किसान सर्वेश कुमार ने कहा कि परिषद हाईवे के बजाय नहर की तरफ से काम शुरू करने की योजना बना रहा है। हमारी जमीन का बैनामा कराकर हमें नक्शे पर प्लॉट आवंटित कर फसल मुआवजा बंद करना चाहता है। हम इसके लिए तैयार नहीं।
आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता राजेंद्र नाथ राम ने बताया कि योजना का काम तेजी से चल रहा है। लैंड पूलिंग स्कीम के तहत जमीन देने वाले किसानों से रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराने की प्रक्रिया अगले सप्ताह शुरू कर दी जाएगी। किसानों को नक्शे पर प्लॉट आवंटित कर दिए जाएंगे। चार सेक्टरों का लेआउट मुख्यालय से स्वीकृत होकर उन्हें प्राप्त हो गया है।