दिल्ली-लखनऊ रूट की ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाई
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर दिल्ली और लखनऊ रूट की ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रविवार को जंक्शन और आने-आने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इधर, दिल्ली के पार्सलों की लोडिंग अनलोडिंग पर शुक्रवार से ही रोक लगा दी गई है, जो मंगलवार तक जारी रहेगी।
रविवार को रेलवे अधिकारियों के अलावा आरपीएफ और जीआरपी ने बरेली जंक्शन पर लगे सीसी कैमरों की भी जांच की। सभी कैमरे क्रियाशील पाए गए। प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर अतिरिक्त सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। दरअसल, इन्हीं प्लेटफार्म से दिल्ली, लखनऊ, देहरादून की गाड़ियों का आवागमन होता है।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक सैय्यद इमरान ने बताया कि पार्सल लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक संबंधी आदेश मिलने के बाद शुक्रवार को ही इसे लागू किया जा चुका है। राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस समेत सभी गाड़ियों की निगरानी की जा रही है। रेल पटरियों की कांबिंग भी बढ़ा दी गई है। इंस्पेक्टर जीआरपी एसके वर्मा ने बताया कि रविवार को जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर एक से छह तक विशेष अभियान चलाया गया। आने-जाने वाली गाड़ियों में भी चेकिंग की गई। कोई संदिग्ध नहीं मिला। प्रमुख गाड़ियों में स्क्वॉड को भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।