नवाबगंज। एसडीएम उदित पवार और सीओ गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया। इसमें अधिकारियों ने जल्द बकाया भुगतान दिलाने का आश्वासन दिलाया। इस दौरान 86 शिकायतें दर्ज की गईं। इसमें से छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।
सभागार में आयोजित समाधान दिवस में ग्राम याकूबपुर की रेखा ने टावर के पास पड़ी भूमि पर यूकेलिप्टस के लगाए गए पेड़ों को पड़ोस के लोगों द्वारा उखाड़े जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की, जिस पर एसडीएम ने कार्रवाई के आदेश दिए। भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रभारी चंद्र प्रकाश गंगवार की अगुआई में एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में क्षेत्र की ओसवाल चीनी मिल द्वारा अभी तक गन्ना किसानों के करोड़ों रुपये बकाये का भुगतान न किए जाने का आरोप लगाते हुए जल्द भुगतान कराने की मांग की। इसमें आय, जाति, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्रों का समय से निस्तारण न किए जाने, बिना सूचना के राशन कार्ड के निरस्त किए जाने की भी शिकायतें मिलीं।
इन मामलों में कार्रवाई के निर्देश
व्यापारी नेता महबूब सावरी ने तहसील परिसर के बंद पड़े शौचालयों को खुलवाए जाने की मांग की, जिस पर एसडीएम ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं। कस्बे के हाजी इस्माइल द्वारा की गई शिकायत में ग्राम हरदुआ किफायतुल्ला में क्रय की गई भूमि पर गांव के ही एक दबंग द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई, जिस पर नायब तहसीलदार शिवा वर्मा ने पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
गन्ने का भुगतान न मिलने पर जताई नाराजगी
बहेड़ी। संपूर्ण समाधान दिवस में क्षेत्र के गन्ना किसानों ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। समाधान दिवस में 30 शिकायतें आईं, जिसमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। आदर्श कॉलोनी के निवासियों ने भुडिया फीडर को जाने वाली हाईटेंशन लाइन को अंडरग्राउंड किए जाने की मांग की। पूर्व में हुए हादसों की जानकारी देते हुए बताया कि अंडरग्राउंड होने से लोगों को राहत मिलेगी। राष्ट्रीय किसान मोर्चा के मंडलीय अध्यक्ष राकेश गंगवार के नेतृत्व में किसानों ने केसर चीनी मिल से बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने का मुद्दा रखा। केसर चीनी मिल रोड पर अंडरपास बनाने की मांग भी की गई। संवाद
राजस्व विभाग की शिकायतें अधिक आईं
बिजली आपूर्ति की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी
आंवला। तहसील सभागार में एसडीएम विदुषी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 70 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इस बार भी सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग की रहीं। बदहाल बिजली आपूर्ति से परेशान भमोरा रोड के 10 गावों के लोग तहसील पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर बताया कि पिछले चार सालों से वे बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। मामूली आंधी व बरसात आने पर घंटों आपूर्ति बंद रहती है। बिजली निगम के अधिकारी व कर्मचारी फोन कॉल रिसीव नहीं करते हैं। बिजली आपूर्ति शुरू होते ही शटडाउन, ट्रिपिंग की समस्या शुरू हो जाती है। इस समय बमुश्किल दो से तीन घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है। ग्रामीणों ने समस्या का स्थायी समाधान न होने पर 25 जुलाई पशुधन मंत्री के आवास के सामने धरना -प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। संवाद
27 शिकायतों में से एक का निस्तारण
मीरगंज। एडीएम प्रशासन डॉ. पूर्णिमा सिंह एवं एसडीएम तृप्ति गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 27 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिसमें से एक शिकायत का निस्तारण कराया गया। इसमें भी अधिक शिकायतें राजस्व से संबंधित थीं।
थाना फतेहगंज पश्चिमी के गांव पिपरिया की प्रतिमा सिंह ने बताया कि उसके घर में घुसकर आरोपियों ने मारपीट कर गाली-गलौज कर धमकी दी, जिसका मुकदमा दर्ज कराया था। अब आरोपी जबरन समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। फ्रेंड्स कालोनी रामपुर की शशि सक्सेना ने बताया कि उनकी जमीन गांव करौरा में है। उस पर कुछ दबंगों ने कब्जा कर लिया है। संवाद