सूचना पर विधायक डाॅ. एमपी आर्या, ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि अशुतोष गंगवार, भाजपा नेता लेखराज गंगवार आदि पहुंच गए और किसानों का समर्थन करते हुए मिल प्रबंधन को लताड़ने लगे। वहां मौजूद एसडीएम नवाबगंज ने मिल के जीएम वीएन मिश्रा को बुलाया। जीएम को आता देख गुस्साए किसानों ने उन्हें घेर लिया। नोकझोंक बढ़ने पर किसानोें ने जीएम को मिल परिसर में ही दौड़ा लिया और पीट दिया। पुलिस ने बमुश्किल उन्हें छुड़ाया।
विधायक ने किसानों को बाहर से गन्ना ला रहे बिचौलियों व मिल प्रबंधन पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम के निर्देश पर थाना हाफिजगंज पुलिस ने बाहर से आई गन्ना से भरी ट्रॉलियों को थाने पर खड़ा करा दिया है। इधर, किसानों को सीओ चमन सिंह चावड़ा़, एसडीएम नवाबगज ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। विधायक ने बताया कि चीनी मिल किसानों का बकाया भुगतान करे और स्थानीय किसानों का ही गन्ना खरीदे। किसानों के साथ हुुए अत्याचार पर मिल प्रबंधन पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
मिल पर बिना पर्ची के एक भी गन्ना नहीं खरीदा जाता है। क्योंकि अब रोजाना की पेराई के हिसाब से सोसायटी भुगतान करती है। मिल पर पुराना बकाया पहले उसे ही भुगतान करने में लगी है। कुछ लोग राजनीतिक बात कर दबाव बनाने के उद्देश्य से विरोध कर रहे थे। जब मिल में विधायक व एसडीएम नवाबगंज खड़े थे तो वह वहां पर आए, लेकिन रास्ते में ही किसानों ने उन्हें घेरकर पिटाई कर दी। - वीएन मिश्रा, जीएम, ओसवाल चीनी मिल