बहेड़ी। पिछला भुगतान 31 दिसंबर तक चुकता न होने से गुस्साए किसानों ने केसर चीनी मिल के सामने सोमवार रात प्रदर्शन किया। सूचना पर आई पुलिस ने किसानों को आश्वासन देकर लौटा दिया।
किसानों ने बताया कि केसर चीनी मिलाने क्षेत्र के किसानों का पिछले सत्र का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान 31 दिसंबर तक अदा करने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन 29 तारीख की शाम तक पिछले भुगतान के मामले में चीनी मिल ने कुछ नहीं किया। इससे नाराज किसान 29 दिसंबर की रात करीब 12 बजे चीनी मिल पहुंचे और चीनी मिल के सीईओ से मिलने की बात कही। किसान चौधरी विनीत सिंह ने कहा कि कर्ज में डूबे क्षेत्र के किसानों के साथ लगातार चीनी मिल प्रबंधन झूठे वादे करते चले आ रहा है, लेकिन मिल के सीईओ मौके पर नहीं पहुंचे। इससे गुस्साए किसानों ने नारेबाजी की। किसानों के बढ़ते हंगामे को देख मौके पर पुलिस बुला ली गई।
किसान यूनियनों ने ऐलान किया है हि अगर 31 दिसंबर तक पिछला भुगतान अदा नहीं किया गया तो वे चीनी मिल परिसर पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। संवाद
सूचना मिलते ही चीनी मिल में पुलिस भेज दी गई थी। किसानों को समझाकर शांत कर दिया था।
- पवन कुमार सिंह, इंस्पेक्टर, बहेड़ी