अवैध संपत्ति की जांच शुरू
शेर अली जाफरी और विजय शर्मा ने छात्रों से ठगी कर करोड़ों रुपये संपत्ति में निवेश किए हैं। अब पूरे गिरोह की अवैध संपत्तियां खंगाली जा रहीं हैं। सूत्रों के मुताबिक, कई राज्यों और जिलों में शेर अली जाफरी की संपत्तियां हैं। उसकी अधिकतर संपत्ति खुसरो नाम से है। वह अपनी संपत्तियों पर खुसरो नाम से बोर्ड लगवा देता था। जेल में बंद जाफरी को गैंगस्टर की भनक पहले ही लग गई थी। इसलिए उसने अपने कुछ प्रतिष्ठानों से खुसरो ट्रस्ट के बोर्ड हटवा दिए हैं, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
मामूली ड्राइवर विजय फर्जीवाड़े से बना करोड़पति, गुरु बचा
शांति विहार निवासी विजय शर्मा घरेलू सामान की बाइंडिंग करता था। बाद में विजय शर्मा खुर्जा निवासी पीके शर्मा के संपर्क में आ गया। उनके साथ रहते हुए फार्मा कोर्स की मान्यता दिलवाने का हुनर सीख लिया। वर्ष 2018 में नेचुरोपैथी का कोर्स कर लिया। इसके बाद 2019 में आस्था कंसल्टेंसी का रजिस्ट्रेशन करा लिया। कंसल्टेंसी के जरिये न्यू आला हजरत फार्मेसी काॅलेज देवरनियां, न्यू खुसरो फार्मेसी कॉलेज आंवला आदि संस्थानों को मान्यता दिलवाई।
शेर अली जाफरी को मान्यता दिलवाकर करोड़ों रुपये कमाने का लालच दिया। डील तय होने के बाद खुसरो कॉलेज में छात्रों के एडमिशन लिए, लेकिन मान्यता नहीं मिल सकी। इसके बाद विजय ने खुद ही केएम क्लासेस में बैठकर फर्जी डिग्रियां तैयार कीं और जाफरी की मदद से छात्रों को वितरित कर दी। विजय शर्मा के गुरु पीके शर्मा का भी शुरू में केस में नाम आया था, हालांकि वह कार्रवाई से बच गया है।
शेर अली जाफरी को सरगना घोषित कर उसके गिरोह पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। गिरोह की संपत्तियों की जांच कराई जा रही है। अवैध रूप से बनाई गई संपत्तियों को प्रशासन की मदद से जब्त किया जाएगा। - अनुराग आर्य, एसएसपी