सीबीगंज (बरेली)। गोली लगने से घायल हुए प्लाईवुड फैक्टरी कर्मी संतोष कुमार साहू (37) की उपचार के दौरान मंगलवार सुबह मौत हो गई। आरोप है एक साल पहले दर्ज मारपीट व अंगुली तोड़ने के मुकदमे में समझौता करने से इन्कार करने पर उनपर फायरिंग की गई थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दर्ज मुकदमे को अब हत्या की धारा में बदला जाएगा।
संतोष कुमार साहू परसाखेड़ा प्लाईवुड फैक्टरी में काम करते थे। वह शुक्रवार रात गांव के रामचंद्र के बेटे के मंडप की दावत से घर लौट रहे थे। आरोप है कि दुर्गा माता मंदिर के पास पहले से घात लगाए बैठे गांव के ललित कुमार ने उन पर तमंचे से दो फायर किए। एक गोली संतोष के सिर में आंख के पास लगी, जबकि दूसरी गोली छूकर निकल गई। वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
संतोष की पत्नी ने ललित कुमार, रोहतास, विनोद, मदनलाल, महेंद्र पाल और महेंद्रपाल के बेटे करन के खिलाफ हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया था कि एक साल पहले गांव के ललित कुमार के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा कराया था। आरोप है कि ललित ने समझौते का दबाव बनाया, जिसको नकार दिया गया तो रंजिश बढ़ती गई। इसी रंजिश में ललित ने संतोष पर जानलेवा हमला किया।