बरेली। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की समीक्षा बैठक में बुधवार को जनप्रतिनिधियों ने ड्राइविंग टेस्ट में वसूली का मामला उठाया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानक से कम दूरी पर टोल प्लाजा होने, ट्रैफिक पुलिस की ओर से लोगों को अनावश्यक परेशान किए जाने, हर घर जल समेत अन्य योजनाओं में अनियमितता का मुद्दा भी गूंजा। इस पर डिप्टी सीएम ने जांच के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान ड्राइविंग टेस्ट में लोगों को फेल करने का मुद्दा उठा। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रिश्वत देने वालों को ही पास किया जा रहा है। एआरटीओ ने सफाई दी कि फिटनेस और डीएल का कार्य निजी एजेंसी कर रही है। डिप्टी सीएम ने आरोपों की जांच कराने, पुष्टि पर एजेंसी समेत मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने के लिए कहा।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर मानक से कम दूरी पर टोल प्लाजा बनाने की शिकायत पर इंजीनियरों के साथ व्यावहारिक स्थिति देखकर शासन को अवगत कराने की हिदायत दी, ताकि टोल शिफ्ट कराए जा सकें। जनप्रतिनिधियों ने किसान को निजी जरूरत के लिए अपने खेत से मिट्टी निकालकर ले जाने पर बेवजह परेशान करने का मामला उठाया। डिप्टी सीएम ने व्यक्तिगत कार्य की पुष्टि होने पर परेशान न करने के निर्देश दिए। कहा, ऐसा कोई कार्य न हो, जिससे सरकार की छवि धूमिल हो।
चालक को परेशान न करें, दें मुफ्त हेलमेट
ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहन चालकों को परेशान करने की शिकायत पर डिप्टी सीएम ने कहा कि चालक किसी से बात कराएं तो बात करनी चाहिए। उन्हें निशुल्क हेलमेट भी दें, ताकि शर्मिंदा होकर खुद नियम का पालन करें। किसी को परेशान न करें। अग्निशमन संबंधी जांच में प्रतिष्ठान संचालकों को परेशान नहीं करने की हिदायत दी।
चुनाव से पहले हर हाल में पूरा कराएं निर्माण कार्य
डिप्टी सीएम ने तय समय सीमा में मानकों के अनुसार निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव पूर्व इनका लोकार्पण हो सके। बेसिक स्कूलों में शौचालय का निर्माण कराने के लिए कहा। बदायूं रोड पर डलावघर निर्माण तीन माह में पूरा होने के बारे में बताया। सीएमओ को निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारकों से रुपये लिए जाने की शिकायतों की जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा में एहतियात बरतने समेत सुरक्षित आवाजाही के लिए बंद किए जाने वाले सड़कों के कट को सावन के बाद खोलने के लिए भी कहा। उन्होंने सभी नाथ द्वार, नाथ नगरी के प्रतीकों को सजाने और बेहतर सजावट को पुरस्कृत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कांवड़ यात्रा संबंधित माइक्रोप्लान की जानकारी दी।
अन्य जिलों में भी लागू होगा बरेली का मॉडलसीडीओ देवयानी ने बताया कि स्कूलों में दूध, फल, मसाले, अस्पतालों में चादर, तकिया कवर, ओटी यूनिफाॅर्म आदि की आपूर्ति के लिए स्वयं सहायता समूहों से एमओयू हुआ है। डिप्टी सीएम ने पहल की सराहते हुए रिपोर्ट शासन को भेजने के लिए कहा, ताकि मॉडल अन्य जिलों में लागू हो सके। बीएसए को ड्रेस बनवाने के लिए समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि सीमांकन के पत्थर हटाकर कब्जे करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करें। चक मार्ग, गोचर भूमि, सरकारी भूमि आदि से अवैध कब्जे हटवाएं। हर घर जल योजना में गांवों के संतृप्त होने की रिपोर्ट पर नाराजगी जताई। कहा कनेक्शन के बजाय घरों में पानी की आपूर्ति की जाए।
जनप्रतिनिधि के सामंजस्य से कराएं जनहित के कार्य
डिप्टी सीएम ने तहसील स्तर पर पार्टी इकाई के प्रतिनिधि के साथ संबंधित अधिकारी को प्रतिमाह बैठक कर स्थानीय समस्याओं के समाधान पर मंथन करने के निर्देश दिए। ग्राम चौपालों का कैलेंडर जनप्रतिनिधियों को देने, आवास निर्माण, अमृत सरोवर की व्यवस्था, गरीबों को उजाड़ने से पहले बसाने की व्यवस्था, वीबी जीरामजी के तहत गांवों के विकास के लिए कहा। महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बरेली कॉलेज के सुदृढ़ीकरण का भी मुद्दा उठाया। इस दौरान वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, मेयर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी, एसएसपी अनुराग आर्य, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।