फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बस स्टैंड पर खड़े टैंकर में विस्फोट, 20 फुट दूर गिरे चालक व खलासी

विज्ञापन
विज्ञापन
आंवला (बरेली)। अलीगंज बस स्टैंड पर वेल्डिंग के दौरान टैंकर के तेल टैंक में चिंगारी से आग भड़क गई। टंकी फटी तो टैंकर के केबिन में भी विस्फोट हो गया। इसमें बैठे चालक व खलासी 20 फुट दूर जाकर गिरे। दोनों झुलस भी गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके खिलाफ रिपोर्ट भी लिखी गई है।
विज्ञापन

चालक कुंवरसेन आंवला के आईओसीएल पेट्रोलियम डिपो का टैंकर चलाते हैं। उनके साथ ही ओमपाल खलासी के रूप में रहता है। बरेली में टैंकर से तेल उतारने के बाद दोनों दोबारा तेल लेने आंवला डिपो जा रहे थे। ये लोग अलीगंज बस स्टैंड पर टंकी में वेल्डिंग कराने लगे। अचानक चिंगारी से टंकी में मौजूद तेल ने आग पकड़ी और भाप बनने से वह तेज आवाज के साथ फट गई। यह टंकी ऊपर ट्रक में जा टकराई, जिससे केबिन में भी आग लग गई। जोरदार धमाके के साथ केबिन में बैठे चालक व खलासी दूर जा गिरे।
सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। मौके पर पुलिस, प्रशासन व इंडियन ऑयल के अधिकारी भी पहुंच गए। टैंकर को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया है। गनीमत रही जो टैंकर में तेल नहीं भरा था, वरना बड़ा हादसा हो जाता। डिपो प्रबंधन का कहना है कि टैंकर में छोटी सी कमी को ठीक कराने के लिए भी अनुमति ली जाती है, जो इस टैंकर के मालिक ने नहीं ली। अपनी मर्जी से वेल्डिंग कराने लगा। इस पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

धमाके के बाद मची अफरातफरी

घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में धमाका और उसके बाद लगी आग का नजारा रिकॉर्ड हो गया। धमाके के दौरान फुटेज में लोग इधर-उधर भागते दिख रहे हैं। जेसीबी से जब टैंकर को हटाया गया तो वह दो हिस्सों में बंट गया। बस स्टैंड के पास रहने वाले महावीर सिंह यादव ने बताया कि सुबह अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर घर से बाहर निकले तो कुछ ही दूरी पर खड़े टैंकर से लपटें उठ रही थीं। टैंकर के अगले हिस्से से काफी दूरी पर केबिन का शीशा टूटा पड़ा था और चालक-खलासी गंभीर घायल अवस्था में सड़क पर पड़े थे। धमाका इतना तेज था कि कई घरों के शीशे चटक गए और दीवारों में दरार भी आ गई है।

टैंकर स्टाफ और वेल्डर पर रिपोर्ट
कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि इस मामले में टैंकर चालक कुंवरसेन, खलासी नंदीलाल उर्फ ओमपाल व वेल्डर आरिफ प्रारंभिक तौर पर आरोपी हैं। डिपो प्रबंधन की अनुमति के बिना सार्वजनिक स्थल पर लापरवाही के साथ तेल टैंकर में वेल्डिंग कराते हुए आसपास के लोगों का जीवन खतरे में डालने के आरोप में उन पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अब पार्किंग में खड़े होंगे टैंकर
तेल डिपो से डीजल निकालकर बेचने का खेल बरसों पुराना है। कई बार इसीलिए भी टैंकर भीड़ भरे स्थानों पर रोके जाते हैं। एसडीएम नहने राम ने बताया कि आसपास की सभी वेल्डिंग की दुकानों को नोटिस जारी किया गया है। हिदायत दी है कि टैंकर पार्किंग स्थल पर ही खड़े किए जाएंगे। भीड़ वाले इलाके में टैंकर खड़े करने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें