फरीदपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय फरीदपुर नगर का मंगलवार दोपहर 2:45 बजे मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) देवयानी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में 101 नामांकित छात्राओं के सापेक्ष 95 उपस्थित मिलीं। व्यवस्थाओं की जांच में विद्यालय तक पहुंचने वाला रास्ता कच्चा मिला। इसपर सीडीओ ने फरीदपुर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार को रास्ता दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं, कार्य के प्रति लापरवाह मिलने पर बीईओ से स्पष्टीकरण मांगा है।
निरीक्षण के दौरान कक्षा छह, सात और आठ की छात्राओं की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गई। वहीं, कक्षा नौ से 12 तक की छात्राओं के लिए अलग-अलग उपस्थिति रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय में लगे सीसी कैमरे संचालित मिले लेकिन रसोईघर में कैमरा नहीं लगा था। सीडीओ ने रसोईघर में भी एक सीसी कैमरा लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही साइंस लैब और म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट को व्यवस्थित करने और इनका स्टॉक रजिस्टर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। विद्यालय में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू की जांच भी की। मंगलवार को भोजन में मूंग की दाल, भिंडी की सब्जी, चावल और रोटी मेन्यू के अनुसार मिले। खुद खाकर भोजन की गुणवत्ता की जांच की, जो कि ठीक मिली। विद्यालय में बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य चलता मिला लेकिन डीसी सिविल और डीसी बालिका शिक्षा द्वारा निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई गई।
दो माह से झांकने तक नहीं बीईओ
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी फरीदपुर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। बीते जून और जुलाई में विद्यालय का नियमित निरीक्षण नहीं किए जाने के संबंध में उनसे स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।