पुरानी लाइन को श्यामगंज की ओर एक अन्य पुरानी लाइन से जोड़ने को हो रही खुदाई
बरेली। कालीबाड़ी में फिर खुदाई शुरू हो गई है। इस कारण बरेली कॉलेज चौराहा और श्यामगंज के बीच का रास्ता बंद हो गया है। इसका असर शहर के दूसरे रास्तों पर पड़ना तय है, उन पर फिर जाम के हालात बढ़ेंगे। जल निगम अफसरों के मुताबिक कालीबाड़ी से आगे की ओर एक पुरानी बड़ी लाइन है, उसमें कालीबाड़ी की पुरानी सीवर लाइन जोड़ने को यह खुदाई शुरू की गई है।
सीवर ट्रंक खुदाई ने शहर की हालत खराब कर दी है। आए दिन सड़कों की खुदाई से जहां एक तरफ पूरे शहर में जाम की स्थिति बन रही है। वहीं कभी पानी की पाइप लाइन टूटती है तो सड़कों को नुकसान हो रहा है। कालीबाड़ी पर सीवर ट्रंक लाइन खुदाई का काम पूरा हो चुका है तो अब पुरानी सीवर लाइन को एक अन्य पुरानी ही सीवर लाइन से जोड़ने के लिए खुदाई शुरू कर दी गई है।
जल निगम एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि नई सीवर लाइन शुरू होने में समय लगेगा। वहीं कालीबाड़ी पर पुरानी सीवर लाइन चोक हो रही थी। उसे कालीबाड़ी से करीब तीन सौ मीटर आगे की ओर एक अन्य पुरानी सीवर लाइन से जोड़ देंगे, ताकि लोगों की दिक्कतें न बढ़ें।