बरेली जिले में 23 केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) आयोजित की गई। इस दौरान मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में बनाए गए केंद्र पर प्रवेश के दौरान सख्ती बरती गई। छात्राओं के बुर्के उतरवाकर प्रवेश दिया गया। कुछ छात्राओं के बाल खुलवा दिए गए। बरेली कॉलेज के डी ब्लॉक में बनाए गए केंद्र पर प्रवेश के दौरान एक छात्रा को नोज पिन निकालकर आने के लिए कहा गया। वहां मौजूद दूसरी छात्राओं व महिला पुलिस कर्मियों ने काफी प्रयास किए, लेकिन पिन नहीं खुली।
इसके बाद उसे केंद्र से बाहर जाकर सराफ की दुकान पर नोज पिन कटवानी पड़ी। वहां से लौटने पर दोबारा तलाशी के बाद उसे प्रवेश दिया गया। वहीं अभ्यर्थियों के गले का धागा काटने के बाद उनको प्रवेश दिया गया। प्रशासन की अनदेखी के चलते बरेली कॉलेज के मुख्य गेट के पास फोटो स्टेट की दुकानें खुली रहीं। जबकि, परीक्षा के दौरान केंद्रों से 500 मीटर की परिधि में फोटोकॉपी की दुकानें खोलने पर रोक थी। पंजीकृत 10,932 में से 10,669 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 263 अनुपस्थित रहे।