भोजीपुरा। नगर प्रशासन द्वारा नोटिस देने के बाद भी राइस मिल मालिकों ने कारपेट एरिया और कुल क्षेत्रफल की सूचना नगर पंचायत कार्यालय को नहीं दी। सोमवार को एसडीएम सदर द्वारा गठित कमेटी ने राइस मिलों की पैमाइश की। अब नगर पंचायत क्षेत्र में पड़ने वाले सभी राइस मिलों पर टैक्स लगाने की तैयारी चल रही है।
नगर पंचायत धौंराटांडा के अधिशासी अधिकारी संदीप चंद्रा ने बताया कि नगर पंचायत की क्षेत्र में आने वाले सभी राइस मिल मालिकों को नोटिस देकर कारपेट एरिया और कुल क्षेत्रफल का ब्यौरा नगर पंचायत कार्यालय में दाखिल करने को कहा गया था, लेकिन राइस मिल मालिकों ने कोई जवाब दाखिल नहीं किया। इसके बाद दूसरा नोटिस जारी किया गया, फिर राइस मिलों की ओर से ब्यौरा दाखिल नहीं कराया गया।
नगर पंचायत प्रशासन ने एसडीएम सदर प्रमोद कुमार को रिपोर्ट भेजकर पैमाइश कराने का अनुरोध किया था। नगर पंचायत धौंराटांडा प्रशासन की शिकायत पर एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने नायब तहसीलदार अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर नगर पंचायत धौंराटांडा क्षेत्र में पड़ने वाले सभी राइस मिलों की पैमाइश के आदेश दिए थे। एसडीएम सदर प्रमोद कुमार के आदेश पर सोमवार को नायब तहसीलदार अभिषेक तिवारी, राजस्व निरीक्षक मुकेश कुमार सक्सेना आदि ने पैमाइश का कार्य शुरू किया।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि दो राइस मिलों की पैमाइश हुई है। शेष राइस मिलों की पैमाइश का कार्य भी शीघ्र पूरा लिया जाएगा। इसके क्षेत्रफल के आधार पर टैक्स लगाया जाएगा। संवाद