मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर में रिसॉर्ट के पास पांच दिन पूर्व हुई सराफ के साथ लूटपाट के मामले में पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। इससे व्यापारी दहशत में हैं।
18 जुलाई शुक्रवार को थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव भिटौरा निवासी सनी भारद्वाज हुरहुरी से अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी दो बाइकों पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने रसूलपुर के एक रिसॉर्ट के पास उन्हें रोक लिया। तमंचा दिखाकर उनका बैग छीन लिया, जिसमें 65 हजार रुपये नकद और डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवर थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष रामनारायन गुप्ता ने बताया कि लूटपाट की इस वारदात से व्यापारी अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। थानाध्यक्ष मीरगंज प्रयागराज सिंह ने बताया कि लूट के खुलासे के लिए लगातार तीन टीमें दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे चेक किये जा रहे हैं। संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद