गर्दन और पूरे शरीर पर किए कई वार, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
बचाव में आए घरवालों को दी हत्या की धमकी, चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
आंवला। एक तरफा प्यार में आंवला के एक गांव में टेलर शाकिर हुसैन ने अपने घरवालों के साथ युवती के घर में घुसकर उस पर गड़ासे से हमला कर दिया। गर्दन और शरीर पर कई वार करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती के पिता ने शाकिर समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवती के पिता का कहना है कि टेलर शाकिर हुसैन उनकी बेटी से एकतरफा मोहब्बत करता था। उनकी बेटी कई बार इसका विरोध भी कर चुकी थी। इससे वह बौखलाया हुआ था। बताया कि रविवार सुबह करीब दस बजे उनकी पत्नी बुखार की दवाई लेने आंवला गई थीं और वह शौचालय में थे। उनकी बेटी और बेटा भैंस बांध रहे थे, छोटा बेटा भी घर पर ही था। इसी बीच शाकिर हुसैन, उसका भाई आबिद, दिलशाद और इसरार धारदार हथियार और लोहे की रॉड लेकर घर में घुस आए।
शाकिर के हाथ में गड़ासा था। सभी ने मिलकर उनकी बेटी पर हमला कर दिया। गड़ासे और अन्य धारदार हथियारों से उसकी गर्दन समेत शरीर पर कई जगह वार करके मरणासन्न कर दिया। बेटी के शोर मचाने पर वह और उनके बेटे दौडे़ तो आरोपी उन लोगों पर भी हमलावर हो गए और हत्या की धमकी देकर भाग निकले। सूचना पर आंवला पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को आंवला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हालत गंभीर होने के चलते वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मौके से बरामद हुआ गड़ासा
आरोपी युवती पर हमला करने के बाद खून से सना गड़ासा मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के घर पुलिस ने दबिश भी दी लेकिन सभी फरार मिले।
कई बार धमकी दे चुका था शाकिर
युवती के परिवार वालों ने बताया कि शाकिर आए दिन उनकी बेटी को परेशान करता था। उसके सामने अपने प्यार का इजहार भी कर चुका था, लेकिन उनकी बेटी ने इसका विरोध किया। इसके चलते कई बार वह उसे अंजाम भुगतने की धमकी दे चुका था।
युवती के भाई की हत्या की कर चुका है कोशिश
युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी के मना करने से नाराज होकर दो साल पहले शाकिर उनके छोटे बेटे पर हमला कर चुका है। उनके बेटे की उसने गला दबाकर हत्या की कोशिश की थी। शाकिर के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। इससे वह और रंजिश भी मानने लगा था और उनकी बेटी को धमकियां देने लगा।
ट्यूशन पढ़ाकर घरवालों का हाथ बंटाती है युवती
युवती का परिवार बेहद गरीब है, लेकिन युवती पढ़ लिखकर परिवार का सहारा बनना चाहती है। इसी वजह से पिता ने मजदूरी करने के बावजूद उसकी पढ़ाई नहीं रोकी। अब वह बीए कर चुकी है और आगे भी पढ़ाई करना चाहती है, इसलिए ट्यूशन पढ़ाती है। ट्यूशन से उसे जो रुपये मिलते हैं, उससे अपनी पढ़ाई का खर्च निकालती है और घर चलाने में भी मदद करती है।
एक तरफा प्रेम के चलते युवक ने अपने तीन साथियों के साथ युवती पर जानलेवा हमला करके उसे गंभीर घायल कर दिया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनकी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। - राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात