बरेली। मानसून की दस्तक के साथ ही खेल मैदानों पर जलभराव और कीचड़ की समस्याएं बढ़ने लगी हैं। इससे खिलाड़ियों का नियमित अभ्यास प्रभावित होने लगा है। आगामी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में इस मौसम के कारण कोई बाधा न आए, इसे लेकर मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने विशेष सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि मैदानों पर पानी भरने से निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि खिलाड़ी इस समय का सदुपयोग घर पर ही रहकर अपनी फिटनेस और संतुलित डाइट (आहार) को मजबूत करने में कर सकते हैं। खिलाड़ी घर के भीतर ही पुश-अप्स, स्क्वाट्स, प्लैंक और कोर एक्सरसाइज के जरिए अपनी मांसपेशियों को मजबूत रख सकते हैं।
घर की सीढ़ियों का उपयोग करके वे अपनी जंपिंग पावर और पैरों की ताकत को बढ़ा सकते हैं। उन्होंने योग और स्ट्रेचिंग पर भी जोर दिया।