आंवला के सपा सांसद ने रेल मंत्री और सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से की मुलाकात, सौंपा मांग पत्र
बरेली। आंवला के सपा सांसद नीरज मौर्य ने दिल्ली में रेलमंत्री और सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से मुलाकात कर उन्हें मांग पत्र सौंपा। रेल मंत्री से मांग की कि पीतांबरपुर रेलवे स्टेशन (फरीदपुर) पर दिल्ली जाने वाली प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
सपा सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, फरीदपुर ने उन्हें प्रार्थना पत्र दिया है। उसमें कहा है कि पीतांबरपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र का प्रमुख रेलवे स्टेशन होते हुए भी लंबे समय से उपेक्षित है। यह क्षेत्र घनी आबादी, औद्योगिक गतिविधियों, पर्यटन स्थलों और व्यावसायिक केंद्रों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद दिल्ली मार्ग की किसी भी नियमित ट्रेन का ठहराव यहां नहीं है। ऐसे में जनता के हित में दिल्ली जाने वाली प्रमुख ट्रेनों का ठहराव पीतांबरपुर स्टेशन पर सुनिश्चित कराया जाए। सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से सपा सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग - 730सी पर बने रामगंगा पुल पर हुई दुर्घटना और जर्जर पुलों की मरम्मत के संबंध में बात की। कहा कि बेवर-पीलीभीत राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामगंगा पुल के गहरे गड्ढों के कारण हाल ही में गन्ने से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। इस मार्ग पर टोल वसूली प्रारंभ है, लेकिन रामगंगा और पांचाल घाट के दोनों पुल जीर्ण-शीर्ण हैं। भारी वाहनों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखते हुए यह स्थिति जन सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। ब्यूरो