मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
बरेली। मंडल में लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 40.11 प्रतिशत धान खरीदा जा चुका है। धान खरीद में बरेली अव्वल है। यहां अब तक लक्ष्य का 56.03 प्रतिशत धान खरीदा जा चुका है। बदायूं में 49.98 प्रतिशत, शाहजहांपुर में 39.20 प्रतिशत और पीलीभीत में 31.16 प्रतिशत धान खरीद हुई है। मंडल में धान खरीद का लक्ष्य 7,19,000 मीट्रिक टन है। किसानों को 96.05 प्रतिशत भुगतान हो चुका है।
मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडलीय समीक्षा बैठक विकास भवन स्थित सभागार में हुई। मंडलायुक्त ने धान खरीद सेंटरों पर बोरों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली और मौसम के दृष्टिगत केंद्र प्रभारियों को आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एंबुलेंस के पिक एंड ड्राॅप के बारे में भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री कंपोजिट स्कूल की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि बरेली में ग्राम भैरपुरा और राजपुर का चयन किया गया है। मगर, अभी तक पैसा नहीं मिला है। बदायूं में विकास खंड उझानी के ग्राम बरसुआ में 35 प्रतिशत कार्य हुआ है। पीलीभीत में मरौरी व बिलसंडा में यूपीसीडा को पैसा दिया गया, लेकिन काम नहीं शुरू हुआ है। शाहजहांपुर में विकास खंड निगोही के ग्राम कजरीनूरपुर में 15 प्रतिशत काम हुआ है। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को कार्यदायी संस्थाओं से बात करके काम में तेजी लाने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा में सामने आया कि तीन दिसंबर तक 54 प्रतिशत ऋण का वितरण करा दिया गया है। दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले न शुरू हुए निर्माण कार्यों की समीक्षा में सामने आया कि सात परियोजनाएं अभी शुरू नहीं हुई हैं। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान रैंकिंग में सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम बरेली अविनाश सिंह, डीएम बदायूं अवनीश राय, डीएम शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएम पीलीभीत ज्ञानेंद्र सिंह और मंडल स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो