सरकारी अस्पताल के बाहर अतिक्रमण हटाने को नगर पंचायत और पुलिस को दी तहरीर।
फतेहगंज पूर्वी। कस्बे के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के दोनों तरफ के गेटों के पास नाले पर कुछ लोगों ने खोखे आदि लगाकर अस्थायी रूप से अतिक्रमण कर लिया है। इसकी वजह से हाईवे की तरफ की सर्विस लेन के गेट से मरीजों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं, पर इसका समाधान नहीं किया जा रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. संजीव दिवाकर ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और थाना प्रभारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में नगर पंचायत प्रशासन ने संज्ञान लिया है।
इससे पूर्व अस्पताल के कर्मियों ने अतिक्रमणकारियों को हटने के लिए कहा, लेकिन इन पर कोई असर नहीं पड़ा। कुछ लोगों ने कबाड़े की दुकानें भी अस्पताल के बाहर लगा रखी हैं, जिसकी वजह से अस्पताल के अंदर भी गंदगी फैलती रहती है। मरीजों को एंबुलेंस से भेजने व अस्पताल में ले आने के लिए भी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। संवाद
अतिक्रमणकारियों को दी चेतावनी
नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी राजन नाथ तिवारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए अतिक्रमणकारियों को एक-दो दिन का समय दिया जाएगा। नहीं हटाने पर पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण को हटवाया जाएगा।