बरेली। नगर निगम की टीम ने सोमवार को कोतवाली से कुतुबखाना तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मगर इस दौरान दुकानदारों को टीम आने की पहले ही सूचना मिल गई थी, जिसके चलते उन्होंने सारा सामान समेट लिया। इस दौरान एक दुकान के बाहर रखा फ्रिज जब्त करने को लेकर विवाद भी हुआ।
अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रभारी ललतेश सक्सेना की अगुवाई में नगर निगम की टीम सोमवार सुबह करीब दस बजे नगर निगम से निकली। इसके बाद कोतवाली से फोर्स लेकर करीब 11 बजे वहीं से अभियान शुरू किया गया। मगर सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों को पहले ही इसकी सूचना मिल चुकी थी, जिसके चलते अधिकांश ठेले सड़क से हटाकर गलियों में खड़े कर लिए गए। रोडवेज के पास एक दुकान का फ्रिज बाहर रखा था तो टीम ने उसे कब्जे में ले लिया, जिसको लेकर हंगामा भी हुआ। कुतुबखाना सब्जी मंडी में नाली कब्जा करके उस पर चबूतरे बने मिले लेकिन टीम ने सिर्फ चेतावनी देकर काम चलाया। कुछ दुकानों के काउंटर बाहर रखे मिले तो उन्हें जब्त कर लिया गया। 12 बजे तक घंटाघर पहुंचकर नगर निगम का अभियान थम गया और टीम लौट गई। इस दौरान जयपाल पटेल, हीरालाल, आनंद आदि मौजूद रहे।