बरेली। स्थानीय शातिरों के दोस्त एटा और प्रतापगढ़ के बदमाश बरेली में चोरी के इरादे से घूमते पकड़े गए। कैंट थाना पुलिस से मुठभेड़ में प्रतापगढ़ के बदमाश को पैर में गोली लगी। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि थाना कैंट के प्रभारी राजेश कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध दो बाइक से कठपुला पुल के पास से जाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने यहां वाहनों की चेकिंग शुरू की। थोड़ी देर बाद मनपुरिया मार्ग से दो बाइक आती दिखाई दीं। रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।
घरों की रेकी करने निकले थे बदमाश ः सीओ ने बताया कि जिस बदमाश के पैर में गोली लगी उसका नाम आशीष है। वह प्रतापगढ़ जिले के कस्बा महेशगंज तहसील कुंडा का निवासी है। अन्य गिरफ्तार बदमाशों में एटा के थाना नयागांव के गांव सराय अघत निवासी प्रियांशु, थाना नवाबगंज के गांव टाहप्यारी नवादा निवासी तालिब हुसैन और फरीदपुर के फरकपुर निवासी अनमोल शामिल थे। चारों के पास से तमंचे, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
सीओ के मुताबिक चारों बदमाशों का पुराना आपराधिक रिकाॅर्ड है। आशीष और प्रियांशु आपस में दोस्त हैं और अनमोल इनका रिश्तेदार है। पूछताछ में पता लगा कि चारों यहां चोरी व नकबजनी के इरादे से आए थे और रेकी करने निकले थे। ब्यूरो