फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: सुभाषनगर में रातभर बत्ती गुल, उपभोक्ताओं ने घेरा किला उपकेंद्र

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। सुभाषनगर व किला इलाके में मंगलवार रातभर बत्ती गुल रही। इससे किला इलाके के उपभोक्ताओं के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने बुधवार सुबह उपकेंद्र का घेराव कर दिया। शाम को कुतुबखाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में भी बिजली कटौती की वजह से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती खड़ी हो गई। वहां हाथापाई की स्थिति भी बनी, हालांकि अधिकारी इससे इन्कार कर रहे हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में बिजली कटौती की वजह से 40 हजार से अधिक लोग परेशान रहे।
विज्ञापन

कुतुबखाना क्षेत्र में लोकल फॉल्ट होने से दिन में चार घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने एसडीओ को घेर लिया। उन्होंने लाइट ठीक कराने का आश्वासन दिया तो उपभोक्ता माने। किला उपकेंद्र से पोषित इलाकों में देर रात तीन बजे बिजली गुल हुई तो सुबह तक नहीं आई। इससे नाराज उपभोक्ता सुबह 10 बजे उपकेंद्र पहुंच गए और अधिकारियों का घेराव कर लिया। इसके बाद आनन-फानन में लाइनमैनों को लगाकर लोकल फॉल्ट ठीक किया गया।
सुभाषनगर उपकेंद्र की इंद्रापुरम कॉलोनी में रात एक बजे लाइट चली गई। फॉल्ट ठीक कराकर यहां बुधवार शाम चार बजे आपूर्ति सुचारु की जा सकी। सुभाषनगर के शांति विहार, रविंद्रनगर, बीडीए, बीडीए प्रथम, द्वितीय, वैष्णो विहार, एसबीआई क्षेत्र में रात को ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने से लाइट चली गई। इसे बुधवार दोपहर दो बजे ठीक किया जा सका। कोहाड़ापीर उपकेंद्र के गुलाबनगर, स्वरूपनगर, चाहवाई क्षेत्र में रात 12 से बिजली गुल हो गई। बीच में दो-तीन घंटे के बाद 10 मिनट के लिए बिजली आती-जाती रही। यह समस्या बुधवार शाम 6:30 बजे ठीक की जा सकी। इससे करीब 500 उपभोक्ता प्रभावित रहे। कुतुबखाना के मिर्चिया टोला नीम की चढ़ाई में भी रातभर बिजली गुल रहने से उपभोक्ता परेशान रहे। बुधवार दोपहर आपूर्ति बहाल की गई।
विज्ञापन

वर्जन
जिन जगहों पर बिजली की समस्या रही, उसको ठीक कराया गया। मैं खुद क्षेत्र में भ्रमण कर रहा हूं। लाइनमैनों को और सक्रिय किया जाएगा। - ज्ञान प्रकाश, मुख्य अभियंता
व्यापारियों ने मुख्य अभियंता के समक्ष जताया आक्रोश
बरेली। बदहाल बिजली व्यवस्था से व्यापारी भी आक्रोशित हैं। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष अनिल अग्रवाल के नेतृत्व में बुधवार को व्यापारी मुख्य अभियंता के कार्यालय पहुंचे। वहां ज्ञापन देकर बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग की। इस दौरान समस्याओं के निस्तारण के लिए व्यापारियों व बिजली निगम का एक व्यापार बंधु समूह बनाया गया।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति का प्रयास कर रही है, वहीं स्थानीय अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। घंटों बिजली कटौती से व्यापार, उद्योग और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। रातभर बिजली न आने से शहरवासियों की नींद प्रभावित हो रही है और अगले दिन कारोबार पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। उद्योगों में उत्पादन ठप होने से आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर, शास्त्रीनगर, किला और बानखाना इलाके की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी फोन कॉल तक रिसीव नहीं करते। टोल फ्री नंबरों पर शिकायत के बावजूद रिस्पॉन्स नहीं मिलता।
जिलाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि यदि अनावश्यक बिजली कटौती और अधिकारियों की लापरवाही पर जल्द रोक नहीं लगी तो व्यापारी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर बल्ले ठाकुर, अनुज गुप्ता, सुलभ अग्रवाल, असीम जौहरी, हर्ष खंडेलवाल, पारस अग्रवाल, अनूप जौहरी, कृष्ण अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें