बरेली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की 24 मई को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा जिले के 23 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें 9161 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह साढ़े नौ से साढ़े ग्यारह और दोपहर ढाई से शाम साढ़े चार बजे तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए हर केंद्र पर एक निरीक्षण अधिकारी की नियुक्ति रहेगी।
परीक्षा के ई-एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) और अन्य दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए सिर्फ एडमिट कार्ड पर्याप्त नहीं होगा। परीक्षार्थी को अपने साथ एक वैध फोटोयुक्त पहचानपत्र भी ले जाना होगा। आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे दस्तावेज पहचान पत्र के रूप में मान्य होंगे। बिना आईडी प्रूफ के किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर दिए गए एडमिट सेक्शन पर क्लिक करें। इसके बाद मोबाइल और ओटीपी, यूआरएन और पासवर्ड या ईमेल और पासवर्ड में से किसी एक विकल्प का चयन करें। अपनी जानकारी भरकर साइन इन करें। अब यूपीएससी प्रीलिम्स एडमिट कार्ड-2026 लिंक पर क्लिक करें। एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट आउट निकाला जा सकता है।