बरेली में मोहर्रम के जुलूस के दौरान हादसों से बचने के लिए बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। मोहर्रम के 10 दिन तक अभियंताओं की ड्यूटी लगाई गई है, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। उनके मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके।
तखत या अलम के ऊंचे जुलूसों के तारों से टकराने की आशंका पर उपकेंद्र से तत्काल शटडाउन लिया जाएगा। जुलूस से पहले अभियंता अलम व तखत की ऊंचाई भी परखेंगे। दो दिनों में इसकी रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
गीले डंडों का न करें इस्तेमाल
अक्सर तखत व ताजियों को बचाने के लिए कमेटियां डंडे से तारों को ऊपर करती हैं। अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए गीले डंडों का इस्तेमाल न करें। जहां तार बहुत नीचे हैं, उसे भी सूखे डंडे की मदद से ही ऊपर करें, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।