ओयल। बिजली विभाग की लचर व्यावस्थाओं के चलते कस्बे के तीन वार्ड़ों की आपूर्ति शनिवार दोपहर से बाधित है। भीषण उमस भरी गर्मी में आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान हैं।
कस्बे के मोहल्ला ठठेरनटोला, मुराउनटोला व कबड़ियानटोला की बिजली आपूर्ति शनिवार दोपहर से ठप है। मोहल्ले वासियों का आरोप है कि यहां लगाया गया ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग की वजह से बार-बार खराब हो जाता है। विभाग इस ओर जरा भी ध्यान नहीं दे रहा। आए दिन ट्रांसफार्मर खराब होने से लोग परेशान हैं। बिजली उपकेंद्र में तैनात जेई सतेंद्र कुमार ने बताया कि लोड ज्यादा होने की वजह से ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाया गया है। अभी काम चल रहा है, शाम छह बजे तक आपूर्ति मिलने की संभावना है।