बरेली। बूंदाबांदी के दौरान शहर में जगह-जगह फॉल्ट के कारण शहरवासियों को पांच घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। मिशन कंपाउंड, हरूनगला, जगतपुर, किला, कुतुबखाना, सिविल लाइंस तृतीय, महानगर, पवन बिहार, सुभाषनगर उपकेंद्रों से पोषित इलाकों में ज्यादा दिक्कत रही। हेल्प डेस्क पर और उपभोक्ताओं के व्हाट्सएप ग्रुप में फॉल्ट व ट्रिपिंग को लेकर देर रात तक शिकायतें आती रहीं।
अपराह्न तीन बजे बूंदाबांदी शुरू होते ही एडीएम कंपाउंड के पास फाॅल्ट होने से आपूर्ति ठप हो गई। बिहारीपुर मेमरान, जीजीआईसी रोड, किला, सिटी सब्जी मंडी, किशोर बाजार इलाकों में भी फॉल्ट हुए। सैलानी फीडर पर सुबह फॉल्ट होने के कारण तीन घंटे आपूर्ति ठप रही। शाम को छह बजे फिर बिजली गुल हो गई और दो घंटे बाद आपूर्ति चालू हो सकी। मिर्चिया टोला, पंजाबपुरा के लोगों ने भी ट्रिपिंग का सामना किया।
कालीबाड़ी में शाम छह बजे फॉल्ट होने से आपूर्ति ठप हो गई। छोटी बमनपुरी, कटरा चांद खां, नवादा शेखान, गंगापुर इलाकों में भी आपूर्ति प्रभावित हुई। रात 10 बजे तक बूंदाबांदी के कारण कई इलाकों में आपूर्ति सामान्य नहीं की जा सकी। संवाद