फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: फैक्टरियों को लापरवाही का झटका दे रहा बिजली निगम, प्रभावित हो रहा उत्पादन

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। ब्रेक डाउन, ट्रिपिंग, फाल्ट से उद्यमियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। उनके मुताबिक प्रतिदिन चार से पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित होने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। जिम्मेदारों के आश्वासन खाेखले निकले तो मुख्य अभियंता से मिलकर आपबीती सुनाई।
विज्ञापन

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन बरेली शाखा के चेयरमैन मयूर धीरवानी के मुताबिक, एक जनवरी से परसाखेड़ा औद्योगिक आस्थान में बिजली निगम ने नई व्यवस्था लागू की है। पूर्व में वहां तैनात रहे एक्सईएन, जेई और दोनों लाइनमैन को हटा दिया है। औद्योगिक क्षेत्र में बिजली फाल्ट, ट्रिपिंग या ब्रेक डाउन होने पर किला उपकेंद्र से लाइनमैन को परसाखेड़ा भेजा जाता है। उसे पहुंचने में ही आधे घंटे लग जाते हैं। नए व्यक्ति को वहां पहुंचकर खामियां दुरुस्त करने में भी वक्त लगता है। तब तक जनरेटर चलाना पड़ता है।
बीते सप्ताह बिजली निगम के अफसरों के साथ परसाखेड़ा औद्योगिक आस्थान की एक फैक्टरी में बैठक हुई थी। संबंधित परेशानी साझा करते हुए एक एक्सईएन और लाइनमैन की नियमित तैनाती के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी, पर उस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
विज्ञापन


सुबह चार बजे ब्रेक डाउन, नौ बजे शुरू हुई आपूर्ति
उद्यमी विमल रिवाड़ी के मुताबिक, औद्योगिक आस्थान में बुधवार तड़के चार बजे ब्रेक डाउन हुआ। नई व्यवस्था के तहत इसकी सूचना किला उपकेंद्र को दी गई, पर लाइनमैन सुबह आठ बजे पहुंचा। करीब घंटेभर बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। तब तक फैक्टरियों में जनरेटर संचालित होते रहे।

प्रदेश सरकार की मंशा को अफसर लगा रहे पलीता
लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष उन्मुक्त संभव शील के मुताबिक प्रदेश सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। निर्बाध आपूर्ति का वादा है, पर रोजाना होने वाले ब्रेक डाउन को दुरुस्त करने में कई घंटे लग रहे हैं। शासन की मंशा को अफसर पलीता लगा रहे हैं। बताया कि मुख्य अभियंता ने समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया है। मुलाकात के दौरान आईआईए के कोषाध्यक्ष सलिल बंसल, पूर्व अध्यक्ष तनुज भसीन, लघु उद्योग भारती के एसके सिंह, आशुतोष शर्मा, धनंजय विक्रम सिंह, रिषभ दीक्षित व अन्य उद्यमी मौजूद रहे। अमर उजाला ब्यूरो


कुछ इलाकों में सुधारात्मक कार्य चल रहे हैं। जहां भी कटौती होती है, उसकी पूर्व में सूचना दी जाती है। उद्यमियों ने जो शिकायत रखी है, उसका निस्तारण कराया जाएगा। - रणविजय सिंह, मुख्य अभियंता, बिजली निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें