फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बारिश से उड़ा बिजली का फ्यूज, शहर के दो लाख लोग रहे प्रभावित

Mon, 05 Feb 2024 02:17 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में बीते दो दिन बारिश के कारण बिजली व्यवस्था बाधित रही। रविवार को फॉल्ट के कारण कुतुबखाना, कोहाड़ापीर, नकटिया उपकेंद्रों और सिविल लाइंस प्रथम उपकेंद्र से भी आपूर्ति बाधित रही। इस कारण दो लाख से ज्यादा लोग परेशान रहे।
 
विज्ञापन
बारिश के दौरान गिरा पेड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में दो दिन से मौसम के बदले मिजाज की वजह से शहर की बिजली आपूर्ति धराशायी हो गई है। बारिश के कारण जगह-जगह फॉल्ट और ट्रिपिंग की शिकायतें आईं। इस बीच रविवार को फॉल्ट के कारण कुतुबखाना, कोहाड़ापीर, नकटिया उपकेंद्रों और सिविल लाइंस प्रथम उपकेंद्र से भी आपूर्ति बाधित रही। इस कारण दो लाख से ज्यादा लोग परेशान रहे।

विज्ञापन

 
बूंदाबांदी के कारण कुतुबखाना उपकेंद्र में शनिवार रात दो बजे फॉल्ट हो गया। इससे उपकेंद्र के सभी फीडरों पर आपूर्ति ठप हो गई। फॉल्ट के कारण आईं तकनीकी कमियों को दूर कर 12 घंटे के बाद रविवार दोपहर करीब तीन बजे आपूर्ति चालू की गई। इसके10 मिनट बाद ही फिर से 132 केवी उपकेंद्र में तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति ठप हो गई। लगातार 12-13 घंटे आपूर्ति ठप रही। कई इलाकों के लोगों को पेयजल समस्या का सामना भी करना पड़ा। 

शाम को फिर से बूंदाबांदी होने के कारण फॉल्ट ठीक करने का काम भी नहीं हो सका। ऐसे में कुतुबखाना उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में शनिवार रात और रविवार दिन में करीब 20 घंटे तक लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। इस वजह से जलापूर्ति भी प्रभावित रही।
विज्ञापन


अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम अमित कुमार आनंद ने बताया शनिवार रात लोकल फॉल्ट की वजह से आपूर्ति प्रभावित हुई थी। बूंदाबांदी और बारिश के कारण फॉल्ट ठीक करने में कुछ समय लग गया। अब सभी इलाकों में आपूर्ति सामान्य हो गई है। 

कोहाड़ापीर से जुड़े इलाकों में आठ घंटे कटौती
कोहाड़ापीर बिजली उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में भी रविवार को आठ घंटे तक बिजली कटौती की गई। कोहाड़पीर उपकेंद्र के सात फीडरों पर मरम्मत का काम होना प्रस्तावित था। अनुरक्षण कार्यों को लेकर रविवार सुबह 10 से शाम पांच बजे तक घोषित बिजली कटौती तय की गई थी, लेकिन अनुरक्षण काम समय से पूरा नहीं हो सका। इस कारण गांधीनगर, धर्मकांटा, शाहाबाद, चाहबाई, नैनीताल रोड, अशोक नगर समेत कई इलाकों में आठ घंटे तक बिजली गुल रही।

नकटिया उपकेंद्र से सात घंटे ठप रही आपूर्ति
नकटिया उपकेंद्र से जुड़े इलाकों उड़ला जागीर, पदारथपुर, सैदपुर, खजुरिया, नरियावल, बिथरी चैनपुर, भरतौल आदि स्थानों पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली गुल रही। नकटिया उपकेंद्र पर भी रविवार को अनुरक्षण के कार्य किए गए, लेकिन दिन में कई बार बूंदाबांदी होने के कारण काम पूरे नहीं हो सके। शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति चालू की गई। इसके बाद कई स्थानों से फॉल्ट होने की शिकायतें आने लगीं। 

सिविल लाइंस के कई इलाकों में चार घंटे कटौती
सिविल लाइंस प्रथम उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में भी रविवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। उपकेंद्र से जुड़े फीडरों की मरम्मत की वजह से शनिवार को ही रविवार दोपहर 12 से दो बजे तक कटौती की सूचना जारी कर दी गई थी, लेकिन रविवार को समय से काम पूरा नहीं हो सका। रविवार को करीब चार घंटे सर्किट हाउस, चौकी चौराहा, मुख्य डाकघर, स्टेशन रोड, अय्यूब खां चौराहा, विकास भवन रोड, गांधी उद्यान रोड, आवास विकास, कचहरी, बटलर इलाकों में बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। 

पेड़ गिरने से कुठला गांव में खंभे टूटे  बिजली गुल
फतेहगंज पूर्वी इलाके में तेज हवा चलने की वजह से कुठला गांव में शनिवार को बिजली के खंभे टूट गए। ट्रांसफार्मर भी गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। गांव के 300 से अधिक उपभोक्ता अब बिजली संकट झेल रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के लिए आने वाली 11 हजार केवी की लाइन पर शनिवार को दोपहर करीब दो बजे पेड़ गिर गया। इस वजह से बिजली के तीन खंभे टूट गए। 25 केवी का ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। 
विज्ञापन

फॉल्ट की जानकारी देने के लिए गांव वालों ने कॉल की मगर बिजली निगम के अधिकारियों ने कॉल रिसीव नहीं की। रविवार को भी ग्राम प्रधान सूरजपाल ने अधिकारियों को कॉल की मगर संपर्क नहीं हुआ। इसके बाद मामले की जानकारी आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप को दी गई। देर शाम बिजली निगम के कर्मचारी पहुंचे। क्षतिग्रस्त खंभों को हटाया गया। हालांकि, देर रात तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो पाई। फरीदपुर एसडीओ सतीश जायसवाल ने जल्द आपूर्ति शुरू कराने का दावा किया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें