फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly: 25 वर्षों में नहीं बनी ढाई किमी लंबी सड़क, ग्रामीण बोले- मांग पूरी न हुई तो करेंगे चुनाव बहिष्कार

Mon, 05 Feb 2024 10:53 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बिशारतगंज क्षेत्र में अतरछेड़ी से इफको खाद फैक्टरी के लिए जाने वाला मार्ग जर्जर है। करीब ढाई किलोमीटर लंबी इस सड़क की पिछले ढाई दशक से किसी ने सुध नहीं ली है।
विज्ञापन
नैनपुर सड़क - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के बिशारतगंज क्षेत्र में अतरछेड़ी से इफको खाद फैक्टरी के लिए जाने वाला मार्ग जर्जर है। करीब ढाई किलोमीटर लंबी इस सड़क की पिछले ढाई दशक से किसी ने सुध नहीं ली है। इस वजह से लोग गड्ढों में हिचकोले खाते हुए सफर करने के लिए मजबूर हैं। सड़क न बनने से नाराज ग्रामीणों ने अब डीएम को पत्र भेजा है। जल्द यहां काम शुरू न होने पर लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का एलान किया है।

विज्ञापन


यह सड़क नैनपुर गांव से वनखंडी मंदिर होते हुए हरूनगला की पुलिया तक जाती है। सड़क से अतरछेड़ी, जगमनपुर, करपिया ब्रह्मनान, सादुल्लागंज, मेहंदीनगला, नैनपुर, चमन गोटिया, ढकौरा, समांधीपुर आदि गांवों के बांशिदे आवागमन करते हैं। गांव करपिया ब्रह्मनान निवासी समाजसेवी ठाकुर मोहन सिंह ने बताया कि कल्याण सिंह जब मुख्यमंत्री थे, तब इस मार्ग पर खड़ंजा बिछाया गया था। शासन की मंशा थी कि किसानों को आंवला-भमोरा मार्ग किनारे लगने वाले रामनगला बाजार तक अपनी कृषि उपज को ले जाने में कोई दिक्कत न आए।

खड़ंजा धंसने से हुए गड्ढे
वर्तमान में यह सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गई। जगह-जगह खड़ंजा धंसने से गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान यहां पानी भर जाता है। लंबे समय से क्षेत्र के किसान सड़क पर डामर कराने की मांग करते आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि अक्सर वाहन गड्ढे में फंस जाते हैं। बीते दिनों क्षेत्र के लोग बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा से मिले थे। विधायक ने पीडब्ल्यूडी मंत्री को पत्र लिखकर सड़क बनाने का अनुरोध किया लेकिन विधायक की पैरवी भी काम नहीं आई।

विज्ञापन
विज्ञापन

अधिकारियों-नेताओं से तंग आए ग्रामीण अब लोकसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार का मन बना रहे हैं। अतरछेड़ी गांव की प्रधान नन्ही देवी, सादुल्लागंज की प्रधान भूरी देवी के अलावा ग्रामीण नौबतराम, चंद्रपाल, प्रहलाद, पूर्व प्रधान अतुल कुमार सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त रिटायर्ड शिक्षक जय गोविंद सिंह, परमेंद्र सिंह, रामकुमार सिंह, दिनेश सिंह आदि ने हस्ताक्षर कर डीएम को पत्र भेजा है।

बिथरी चैनपुर के विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए मैंने पहले भी पत्र लिखा था। इस समय विधानसभा सत्र चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के मंत्री के सामने फिर से यह मुद्दा रखूंगा। इसी बजट सत्र में रुपये स्वीकृत कराने का प्रयास है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें