रुहेलखंड विवि की कुलसचिव, सीबीआई ऑफिस में एक संक्रमित
बरेली। संक्रमितों की संख्या कम हो रही है मगर मौतों का सिलसिला अब भी जारी है। सोमवार को कन्हैयालाल धर्मशाला के पास रहने वाली एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान कोविड अस्पताल में रविवार देर रात मौत हो गई। वह 15 अक्तूबर को संक्रमित मिली थीं।
एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक, सोमवार को रुहेलखंड विवि की कुलसचिव और उनके पति, एयरफोर्स के तीन, सेना का एक और सीबीआई मेन ऑफिस लखनऊ का एक कर्मचारी संक्रमित मिला। इसके अलावा ग्रीन पार्क, स्टेडियम रोड, आवास विकास, चांदमारी सुभाषनगर, परसाखेड़ा की एक फर्म में पांच, सूरजपुर, केला डांडी, रेजीडेंसी गार्डन, फुलवइया, अयोध्यापुरी निराला नगर, निजी अस्पताल, कंजादासपुर, घेर जाफर खां, राजीव कुंज में तीन, उत्सव पार्ट दो, इफको, त्रिमूर्ति के पास, मेवात, गायत्री नगर, भोजीपुरा, कोविड अस्पताल, पीलीभीत, पिपलसाना, देवरिया, अबुडांडी, किटोना में संक्रमित मिले हैं।
फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने को भटकते रहे अभ्यर्थी
बरेली। जिला अस्पताल में शनिवार को मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने के मामले में उगाही का आरोप लगने के बाद सोमवार को सर्टिफिकेट बनाने की प्रक्रिया बंद रही। लिहाजा सर्टिफिकेट बनवाने को पहुंचे अभ्यर्थी इधर-उधर भटकते रहे। कोई सुनवाई न होने पर उन्होंने सीएमओ कार्यालय का रुख किया। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल को सर्टिफिकेट नहीं बनाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने अभ्यर्थियों को सहयोग का आश्वासन दिया, जिसके बाद सीएमओ कार्यालय से ही सर्टिफिकेट बनवाए गए। ब्यूरो