बरेली। एकता नगर में सीएम ग्रिड योजना के तहत कराए जा रहे कार्य में बाधा बन रहे वेंडिंग जोन को शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि, वेंडिंग जोन यहां से हटने के बाद कहां बसेगा यह अब तक तय नहीं हो पाया है। इसके साथ ही निर्माण में मुसीबत बने अतिक्रमण भी ध्वस्त होंगे। नगर आयुक्त ने अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ग्रीन रोड (सीएम ग्रिड) योजना के तहत फेज एक में काम चल रहा है। कार्यदायी एजेंसी ने एकता नगर में खोदाई शुरू कर दी है। सीवर लाइन की खोदाई की जद में वेंडिंग जोन आ रहा है। कार्यदायी एजेंसी की ओर से इसकी जानकारी नगर निगम के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद इसे हटाने की कवायद शुरू की गई है।
वहीं, कुष्ठ आश्रम रोड से होते हुए जहां-जहां काम चल रहा है, वहां मकानों के अतिक्रमण सामने आ रहे हैं। सर्वे करने के बाद टीमों ने लाल निशान लगाते हुए अतिक्रमणकारियों को अवैध कब्जा खुद हटाने की मोहलत दी, अब तक रैंप सहित अन्य अतिक्रमण नहीं हटाए गए हैं। ऐसे में नगर आयुक्त ने टीम को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द एक नोटिस चस्पा कर एक सप्ताह के अंदर अतिक्रमण को हटाने का समय दें। तय समय में जो अतिक्रमण नहीं हटते हैं, उसे ध्वस्त कर दिया जाए। संवाद