फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: प्रभारी मंत्री बोले- बरेली को एम्स की जरूरत, करेंगे पैरवी

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि बरेली को एम्स की जरूरत है। इसके लिए वह और सांसद पैरवी करेंगे। उत्तराखंड से लेकर नेपाल तक के मरीज यहां आते हैं। आयुष्मान कार्डधारकों का इलाज करने में जिला अव्वल है, लेकिन अब तक यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज भी नहीं है।
विज्ञापन

प्रभारी मंत्री ने निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में बजट की खूबियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ऐसा बजट पेश किया है कि विपक्ष चारों खाने चित हो गया। बेवजह की आलोचना के सिवाय विपक्ष के पास कुछ नहीं है। बजट में गांव, गरीब, किसानों, मजदूरों, महिलाओं के साथ ही मध्यम वर्ग को भरपूर राहत दी गई है। 12 लाख तक की आय को करमुक्त किया गया है। ऐसा पहली बार हुआ। इसीलिए दिल्ली विधानसभा के चुनाव में जनता ने जमकर वोट दिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। डाक्टरों की कमी के सवाल पर सीएमओ से इसका ब्योरा मांगा। झोलाछाप के इलाज से मौतों के मामले पर कहा कि संज्ञान में लाएं तो जिम्मेदारी तय होगी। कार्रवाई भी होगी।
मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार पर टिप्पणी करने वाले मनीष अग्रवाल की गिरफ्तारी और महाकुंभ की व्यवस्थाओं को लेकर सपा की ओर से की जा रही टिप्पणी के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि इन लोगों की सनातन धर्म में आस्था नहीं है। इनको सिर्फ अपना वोटबैंक ही नजर आता है।
विज्ञापन

सपा सरकार में भैंस खोजती थी पुलिस
पुलिस के भाजपाई होने संबंधी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की टिप्पणी पर मंत्री ने कहा कि इनके समय में पुलिस अधीक्षक रामपुर में आजम खां के साथ मंच साझा करते थे और संबोधन भी करते थे। यहां तक कहते थे कि आजम खां लोकप्रिय नेता हैं। किसी को इनके खिलाफ चुनाव लड़ना ही नहीं चाहिए। पुलिस का इस्तेमाल भैंस खोजने के लिए होता था। आज पुलिस का उपयोग अपराध रोकने में किया जा रहा है। क्राइम लगातार घट रहा है। प्रियंका और राहुल गांधी के महाकुंभ जाने की तैयारी के सवाल पर कहा कि एक न एक दिन सबको वहां जाना पड़ेगा। ये लोग चुनाव में धार्मिक हो जाते हैं। जनेऊ पहनकर मंदिर-मंदिर जाते हैं। जब चुनाव नहीं होता तो सनातन धर्म के विरोध में बोलते हैं। अच्छा है जाएं। अगर मुंह में राम बगल में छुरी वाली भावना से जाएंगे तो गंगा मैया तो समझ ही जाएंगी। ब्यूरो
पशु अर्थव्यवस्था की धुरी, दुग्ध उत्पादन कर बढ़ाएं आय
फतेहगंज पश्चिमी। पशु अर्थव्यवस्था की धुरी होते हैं। किसानों को खेती के साथ पशुपालन करके दुग्ध उत्पादन करना चाहिए। सरकार ने पशुओं के लिए निशुल्क इलाज की व्यवस्था की है। ये बातें प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने रबर फैक्टरी के मैदान पर शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय वृहद पशु आरोग्य मेले का शुभारंभ करते हुए ये बातें कहीं। इसमें 4315 पशुओं की जांच और इलाज किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 लोगों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें